रिपोर्ट ;- वारिस अली गौतम शर्मा
डेहरी /रोहतास
नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ,जमुहार के मूत्र रोग विभाग के चिकित्सकों की टीम ने पेट के दर्द से परेशान एक महिला के पेट से लोहे का तार और कई पथरियां निकाल कर उसे दर्द से निजात दिलाया। विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार 65 वर्षीया लालमुनी देवी के गुर्दे से 8 साल पहले पथरी का ऑपरेशन किया गया था। उस दौरान गुर्दे की नली में एक तार डाला गया था जिसे लापरवाही के कारण समय पर नहीं निकाला गया ।ऐसा करने से महिला के पेट में बाएं तरफ फिर से दर्द आरम्भ हुआ और वह मूत्र रोग विभाग में जांच हेतु आई। जांच के दौरान सीटी स्कैन और एक्स रे की रिपोर्ट में पाया गया कि उसकी पेशाब की थैली में तथा टूटे हुए तार पर कई पथरियां बन गई ऐसा होने से उसे पेट में काफी दर्द होने लगा ।चिकित्सकों ने बताया कि मरीज की उम्र और शारीरिक स्वास्थ्य को देखते हुए अलग-अलग समय पर दूरबीन और लेजर की सहायता से सभी पथरियों को बाहर कर दिया गया। यह जटिल ऑपरेशन यूरोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉक्टर एस सी करण के दिशा निर्देशन में डॉ सूर्यकांत कुमार डॉक्टर फैजान सरवर, डॉक्टर शिवानंद प्रकाश, डॉक्टर देवशुभ्र चक्रवर्ती तथा निश्चेतना विभाग के डॉक्टर हृदय कुमार एवं डॉक्टर आर के चौबे की टीम ने सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है एवं जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
