. रिपोर्ट ;- वारिस अली ,गौतम शर्मा
डेहरी/रोहतास
जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उस ओर कदम बढ़ाने से सफलता अवश्य मिलती है। उपरोक्त बातें लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 533 वें स्थान पर चयनित रोहतास के युवा सोनू तिवारी ने गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में कला संकाय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के तत्वावधान में आयोजित विशेष व्याख्यान में कही।
सिविल सर्विसेज परीक्षा में 533वें स्थान पर उत्तीर्ण हुए सोनू तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी उनके सबसे बड़े प्रेरक व्यक्तित्व रहें हैं।श्री तिवारी ने उनके बताए गए कर्तव्यों की विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने अपने सम्बोधन में समय के प्रबंधन, विषय का चयन, अध्ययन के लिए समय आदि पर विस्तार से सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों को बताया। इस विशेष व्याख्यान चुनौतियों से सामना: भारत के परिवर्तन में युवा पर विषय प्रवेश कराते हुए कला संकाय के अध्यक्ष प्रो डॉ सुरेश चंद्र नायक ने कहा कि युवाओं को अनेकों चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। समय के साथ अनुकूल और अपने व्यवहार में परिवर्तन लाकर आगत चुनौतियों से टक्कर लेकर युवा आगे बढ़ सकते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एम एल वर्मा ने सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन और चुनौतियां एक-दूसरे के समानांतर चलने वाली प्रक्रिया है। समय के उचित प्रबंधन और उचित मार्गदर्शन से युवा चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटकर देश के भविष्य के निर्माण में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन कर सकते हैं।
देव मंगल ट्रस्ट के सचिव गोविंद नारायण सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि युवा परिवर्तन के वाहक होते हैं और वे कुशल प्रबंधन के माध्यम से चुनौतियों का सामना कर देश की तरक्की में भागीदार बनते हैं। चुनौतियों का सामना करने से कभी नहीं घबराना चाहिए और डटकर उनसे मुकाबला करना चाहिए।
संस्थान के प्रबंध निदेशक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने सोनू तिवारी की सफलता का ज़िक्र करते हुए कहा कि सोनू तिवारी हमसब के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जिस प्रकार से उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों का प्रबंधन कर कठिन परीक्षा को पास किया है वो यह बताने के लिए काफी है कि शाहाबाद में प्रतिभावान छात्रों की कोई कमी नहीं है। सोनू तिवारी की सफलता हमारे छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है क्योंकि उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद सिमित संसाधन में देश के कठिनतम परीक्षाओं में से एक सिविल सर्विसेज परीक्षा को पास किया।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों ने अपने सवाल आगत मुख्य वक्ता के सामने रखी जिसका संतोषजनक जवाब उन्हें मुख्य वक्ता ने दिया।
गआगत अतिथियों का उप कुलसचिव एम के सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ आर एस जायसवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ कुमार आलोक प्रताप, लॉ, कृषि, आईटी, मैनेजमेंट सहित कई संकायों के अध्यक्ष और विभागाध्यक्ष के साथ पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
