रिपोर्ट ;- वारिस अली ,गौतम शर्मा
डेहरी /रोहतास
रोहतास जिले के कोचस प्रखंड के सुदूरवर्ती पंचायत रेडिया में "ग्राम पंचायत रात्रि विश्राम शिविर "" का आयोजन किया गया है।
रात्रि विश्राम शिविर में, जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में, ज़िले के सभी प्रमुख विभागों के पदाधिकारी , पंचायत सरकार भवन, रेडिया में रात्रि विश्राम करते हुए, दिनांक 15 जून के अपराह्न 4.30 बजे से पंचायत के विभिन्न वार्डों में, वार्डवार जांच टीम के रूप में, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी तथा विकासपरक योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की रिपोर्ट जिलाधिकारी महोदय को सौंपेंगे।
जिलाधिकारी रोहतास, श्री धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि जनशिकायतों के प्रभावी निराकरण तथा स्थानीय स्तर पर विद्यमान आमजनों के दैनिक जीवन की चुनौतियों एवं कार्यकलापों का participant observer के रूप में अनुश्रवण करने तथा तदनुरूप effective intervention करते हुए उनके प्रभावी निराकरण हेतु एवं साथ-साथ, सरकार की सभी कल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन की समग्र जांच हेतु यह रात्रि -विश्राम शिविर लगाया जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि रेडिया पंचायत की आबादी लगभग 14 हज़ार है तथा यहां 13 वार्ड हैं।प्रत्येक वार्ड के लिए जिले से वरीय पदाधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों का दल बना दिया गया है जो आज अपराह्न 4.30 बजे प्रत्येक वार्ड में जाकर विभिन्न योजनाओं की जांच कर अपना मंतव्य/सुझाव सहित जांच रिपोर्ट, संध्या प्रहर , पंचायत सरकार भवन, रेडिया में, जिलाधिकारी महोदय को समर्पित करेंगे।
साथ ही, रेडिया पंचायत में , स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की व्यवस्था, आपूर्ति विभाग द्वारा अवशेष पात्र व्यक्तियों का राशन कार्ड निर्माण प्रकिया के साथ-साथ भूमि सुधार/भू राजस्व , पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली,रोड कनेक्टिविटी आदि से संबंधित मामलों के प्रभावी निराकरण की प्रक्रिया की जाएगी।
जिलाधिकारी महोदय पंचायत में रात्रि विश्राम करेंगे तथा पुनः प्रातः 7:00 बजे से पंचायत के विभिन्न ग्राम/ टोलों एवं गलियों का भ्रमण करते हुए आम जनता से संवाद स्थापित करेंगे एवं उनकी समस्याओं , उनके दैनिक जीवन की चुनौतियों से रूबरू होंगे तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन को देखेंगे. उक्त जानकारी सत्यप्रिय कुमार डीपीआरओ रोहतास ने प्रेस बयान दिया
