रिपोर्ट ;- गौतम कुमार
डेहरी /रोहतास
रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण कृषि विज्ञान संस्थान में कल शाम गूगल मीट के माध्यम से "कृषि स्नातकों के लिए बैंकिंग क्षेत्र में अवसर"विषय पर एक वर्चुअल परिचर्चा का आयोजन किया गया। विदित है कि बैंकिंग क्षेत्र कृषि स्नातकों को पर्याप्त रोजगार के अवसर प्रदान करता है, इसलिए विभिन्न ऋणों, सरकारी योजनाओं और कृषि सम्बंधित गतिविधियों से जुडी जानकारियों के विषय में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था| इस दौरान छात्रों को बैंकिंग क्षेत्र की नौकरियों की तैयारी पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया| इस कार्यक्रम में तीन दक्ष पैनलिस्ट राहुल कुमार (वरिष्ठ प्रबंधक) बैंक ऑफ इंडिया; मधु कुमारी (प्रबंधक कृषि), पंजाब नेशनल बैंक और दिनेश कुमार (सहायक प्रबंधक), नाबार्ड ने भाग लिया और अपने अनुभव से कृषि के छात्रों कोअवगत कराया। इस कार्यक्रम की संचालिका सुश्री अनिकेता होरो, सहायक प्राध्यापक, कृषि अर्थशास्त्र रही जिन्होंने अतिथि वक्ताओं का परिचय दिया। नारायण कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. ए. पी. सिंह ने छात्रों को उनके भविष्य के रोजगार के लिए इस परिचर्चा के महत्व के बारे में जानकारी देकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति, प्रो. (डॉ.) एम. एल. वर्मा ने उद्घाटन टिप्पणी देते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि के महत्व पर अपने विचार साझा किए। बैंकिंग के अलावा उन्होंने भारतीय खाद्य निगम, राष्ट्रीय बीज निगम, प्रांतीय सिविल सेवा, जैसे विभिन्न कृषि रोजगार के अवसरों के बारे में बात की। राहुल कुमार (वरिष्ठ प्रबंधक) बैंक ऑफ इंडिया, अंचल कार्यालय, मुजफ्फरपुर ने बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार और उद्यमों के रूप में अवसरों के विषय में चर्चा की। उन्होंने मुद्रा योजना और प्रधान मंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पी.एम.आर.जी.पी) के बारे में बताया एवं विभिन्न स्टार्ट-अप सम्बंधित योजनाओं के विषय में जानकारी दी। दिनेश (सहायक प्रबंधक), नाबार्ड, पुणे ने बैंकिंग परीक्षा, विशेष रूप से नाबार्ड परीक्षा को पास करने के लिए रणनीतियों के बारे में बताया साथ ही उन्होंने छात्रों को कृषि क्षेत्र में भारतीय रिजर्व बैंक, भारतीय खाद्य निगम, भारतीय वन सेवा, प्रांतीय सिविल सेवा में नौकरी के विभिन्न अवसरों के बारे में भी बताया। श्रीमती मधु कुमारी (कृषि प्रबंधक) पंजाब नेशनल बैंक, उसराओं शाखा, रोहतास, बिहार ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना और विभिन्न क्रेडिट लिंकेज योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों बैंक की नौकरियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करते हुए छात्रों को बैंकिंग क्षेत्र की नौकरी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कृषि अधिकारी की नौकरी की तैयारी के लिए छात्रों का मार्गदर्शन किया और बैंक कर्मियों के वेतनमान और पदोन्नति संरचना के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। वापसी ताल्लुक़ में छात्रों ने बैंक द्वारा प्रदत ऋणों, सी. सी. और स्टार्ट-अप से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्योति चौधरी, सहायक प्राध्यापक, कृषि अर्थशास्त्र ने दिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन नारायण कृषि विज्ञान संस्थान द्वारा किया गया था जिसकी आयोजन सचिव सुश्री अनिकेता होरो थी। कार्यक्रम के संयोजक डॉ आशुतोष कुमार थे जबकि डॉ ज्योति चौधरी और डॉ कल्पना कुमारी सह-संयोजक थे। इस आयोजन में नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज के सभी छात्रों और संकाय सदस्यों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया|