10वीं परीक्षा परिणाम में धांधली को लेकर छात्रों ने किया जीटी रोड जाम


 गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-

डेहरी। रोहतास
सीबीएसई 10वीं परीक्षा परिणाम में धांधली का आरोप लगा विगत पांच दिनों से विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा हंगामा जारी है। कई विद्यालयों में प्राचार्य व प्रबंध समिति द्वारा छात्र-छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास भी जारी है। इसी बीच रविवार की दोपहर सीबीएसई 10वीं परीक्षा परिणाम में धांधली का आरोप लगा, नाराज छात्रों ने सुभाष नगर के समीप जीटी रोड को जाम कर दिया। और सीबीएसई प्रबंधन व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का हुजूम मोहन बिगहा जीटी रोड से निकलकर नारेबाजी करते हुए सुभाष नगर के समीप जीटी रोड पर पहुंचे। तथा जीटी रोड के दोनों लेन को बुरी तरह जाम कर दिया। सीबीएसई हाय हाय, स्कूल प्रबंधन होश में आओ, छात्रों के साथ अत्याचार बंद करो जैसे नारा लगाया। छात्र कुणाल कुमार, रॉकी कुमार, आकाश कुमार, विवेक राजपूत, प्रशांत कुमार, पवन कुमार, मोहित कुमार आदि का कहना था, कि स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने पैसा लेकर मनमाने तरीके से छात्रों को नंबर दिलवाया और जो छात्र पैसा नहीं दे पाए उनका नंबर कम दिया गया। विशेषकर मॉडल स्कूल, डालमियानगर, जीएल एकेडमी मोहन बिगहा, डीएवी स्कूल भरकुड़िया ,सन विम पब्लिक व अन्य  विद्यालयों में सबसे अधिक धांधली हुई है। और इन सभी विद्यालयों के बच्चे आंदोलन में शामिल थे। हालांकि जीटी रोड पर जाम में फंसे एक एंबुलेंस को छात्रों ने रास्ता देकर रवाना किया। सूचना पाकर पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने छात्रों को समझाया तथा उनकी मांगों को स्कूल प्रबंधन व उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। तत्पश्चात जीटी रोड जाम हटवाकर वाहनों का परिचालन सामान्य कराया गया।