पुष्पा गुप्ता की रिपोर्ट ;-
डेहरी।रोहतास
डालमियानगर के न्यू सिधौली निवासी दो दोस्तों की मांझर कुंड में नहाने के दौरान मौत से मोहल्ले में कोहराम मच गई और मोहल्ले के लोगों व मृत्यु के दोस्तों में नम आंखों से दोनों मृतक को विदाई दी। इस घटना के बाद हर कोई सहमे हुए अपने पुत्र से मंझार कुंड व अन्य खतरनाक स्थानों पर नहीं जाने की सलाह देते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद इकलौते पुत्र सद्दाम के माता-पिता सदमे में थे क्योंकि सद्दाम के पिता की 10 वर्ष पूर्व मौत के बाद वह घर का इकलौता पुत्र था जो पिता के मौत के बाद मजदूरी कर अपनी 4 बहनों की देखभाल करता था। मजदूरी कर उसने अपनी 2 बहनों की शादी भी कर दी थी। अपनी मां को मजदूरी करते हुए देख यह कहता था कि वह पूरे परिवार का बोझ उठा लेगा। किंतु मां को क्या पता था कि बुढ़ापे में उसके एकमात्र इकलौते पुत्र को भी ऊपर वाला उसे छीन लेगा। 2 बहनो का भी रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों बहनों का कहना था कि पिता की मौत के बाद भईया पिता की पूरी जिम्मेदारी संभालते थे। अब हम सब और मां किसके सहारे जिंदा रहेंगे। इधर आदित्य उर्फ अमन की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजन हर किसी से कह रहे थे कि कह दो कि यह सब झूठ है। पिता रविंद्र पांडे व चाचा रामनिवास पांडे का कहना था कि आदित्य उर्फ अमन सेना में नौकरी करना चाहता था। वह आर्मी के एक परीक्षा में सफल भी हुआ था। किंतु उससे पहले ही वह सब को छोड़कर चला गया। छोटा भाई सागर सुमन घर के एक कोने में रोते बिलखते कह रहा था कि भईया मुझसे बहुत प्यार करते थे। अब वह किसे भईया बोलेगा। छाती पीट कर रोती हुई मां हर किसी से कह रही थी कि उसका बेटा फौज में दुश्मनों के दांत खट्टे करेगा इसलिए वह उसे छोड़कर जा ही नहीं सकता। आसपास के लोग मृत युवक के परिजनों को ढांढस बना रहे थे। घटना के बाद हर किसी की आंखों में आंसू छलक रहे थे। मोहल्ले के मनीष उपाध्याय अरुण सिंह आदि का कहना था कि इस घटना से सभी मरमाहत है साथ ही अन्य युवकों को ऐसे स्थानों पर ना जाने की सलाह दी जा रही है।
