पुष्पा गुप्ता की रिपोर्ट ;-
डेहरी/ रोहतास
रोहतास उद्योग समूह के समापक हिमांशु शेखर का अभिनंदन समारोह ड्रीम हाउस डालमियानगर में संपन्न हुआ। इस समारोह के आयोजक डालमियानगर का खेल संगठन हिमांशु फाउंडेशन एवं बाबा वीर कुंवर क्लब था। इस समारोह में डालमियानगर के बुद्धिजीवी, रोहतास इंडस्ट्रीज कर्मी, समाजसेवी तथा नगर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व बैंक मैनेजर डॉक्टर रामनाथ सिंह व मंच का संचालन हिमांशु फाउंडेशन के अध्यक्ष रवि शेखर ने किया। उपस्थित सभी लोगों ने समापक हिमांशु शेखर को फूल माला अंग वस्त्र व बुके देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर रामनाथ सिंह ने लोगों को बताया कि समापन द्वारा नगर परिषद को हस्तांतरित किया गया लगभग 48 एकड़ जमीन से डालमियानगर के वासियों का काफी विकास होगा। इस नगर से सड़क व नाली की समस्या दूर हो जाएगी तथा युवाओं के लिए खेल का मैदान देने से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुझान बढ़ेगी। समापक द्वारा किए गए इन कार्यों के कारण क्षेत्र के वासी इनके आभारी रहेंगे तथा इन कार्यों के लिए क्षेत्र के वासी इन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद देते हैं। इसके उपरांत समापन हिमांशु शेखर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विगत 4 सालों में डालमियानगर के वासियों से वैचारिक लगाव हो गया है। यहां के लोगों द्वारा दिया गया सम्मान मुझे हमेशा याद रहेगा। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि रोहतास इंडस्ट्री का जमीन होने के कारण क्षेत्रवासियों का विकास संभव नहीं हो पा रहा था। क्षेत्रवासियों के विकास के लिए लगभग 48 एकड़ जमीन नगर परिषद को हस्तांतरित करने से मुझे सुकून मिला है। आशा है, जल्द ही नगर परिषद द्वारा कार्य कर डालमियानगर के विकास में चार चांद लगया जाएगा। उन्होंने उपस्थित लोगों को विश्वास दिलाया कि सामाजिक स्तर पर जो भी कार्य होगा उस पर अवश्य विचार किया जाएगा। जिससे क्षेत्र वासियों का विकास हो सके। अंत में धन्यवाद ज्ञापन देते हुए पूर्व बैंक मैनेजर बृजमोहन सिंह ने समापन द्वार किए गए प्रयास के कारण क्षेत्रवासियों की तरफ से धन्यवाद दिया तथा आशा व्यक्त किया कि वह जब तक समापक बने रहेंगे क्षेत्र के विकास में उत्पन्न हो रहे अवरोध को दूर कर विकास की गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। मौके पर प्रोफेसर रणधीर सिन्हा, डॉक्टर ओपी आनंद, विनय मिश्रा, केश्वर सिंह, भागीरथी सिंह, विकास कुमार उर्फ छोटू, अभय, जितेंद्र, विजय कुमार, आकाश कुमार, गोविंद राय, सुनील शरद, अजय कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
