मयंक शास्त्री की रिपोर्ट ;-
प्रेमिका के परिजनों ने सतबहिनी मंदिर लाकर दोनों की करा दी शादी
अम्बा(औरंगाबाद):-
अंबा सतबहिनी मंदिर के प्रांगण में माँ को साक्षी मान सोमवार को एक प्रेमी युगल की शादी करा दी गयी। शादी का रश्म युवक युवती के रिश्तेदारों की मौजूदगी में पूरी की गई। बताया जाता है कि सिमरा थाना क्षेत्र के अजनियां गांव के विजय पासवान की पुत्री प्रीति कुमारी अपने मामा के घर बैरिया बभंडिह गांव गई थी। इधर प्रेमी युवक गया जिले के छकरबंधा बरहा गांव निवासी अजय पासवान का पुत्र विक्रम कुमार प्रेमिका से मिलने उसके ननिहाल बैरिया जा पहुंचा। बताया जाता है कि लड़की के गांव अजानिया गांव में युवक का ननिहाल है। दोनों के बीच पिछले 1 वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक के आने की भनक लड़की के मामा को लग गई तो उन्होंने युवक को पकड़कर पूछताछ की तो उसने प्रेम प्रसंग होने की बात बताया। लड़की ने भी प्रेम प्रसंग होने की बात स्वीकार की। दोनों एक साथ जीने मरने की बात कर रहे थे। इसकी जानकारी दोनों प्रेमी युगल के परिजनों को दी गई। आनन-फानन में सतबहिनी मंदिर पर पहुंच कर शादी रचा दी गई। कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत मंदिर बंद होने के कारण मंदिर के बाहर ही मां को साक्षी मानकर युवक युवती ने एक दूसरे को माला पहनाकर साथ साथ जीने मरने की कसम खाई। जानकारी अनुसार शादी के समय लड़का के परिजन मौजूद नहीं थे। उपस्थित लड़की के परिजनों ने बताया कि फोन पर लड़के के माता-पिता से बात हुई है घर दूर होने के कारण वे शादी के समय नहीं पहुंच सके। प्रेमी युगल द्वारा अचानक मंदिर पहुँच कर शादी की चर्चा हर तरफ हो रही है।
