हथियार समेत 3 बदमाश पुलिस की गिरफ्त में पटना।


 मयंक शास्त्री की रिपोर्ट ;-

बिहार में अपराधी लगातार सक्रिय होते जा रहे हैं। अलग-अलग गुट बनाकर अपराधी छोटी-बड़ी लूट, चोरी, डकैती, छिनतई की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी संबंध में पुलिस छोटे-बड़े गुटों को गिरफ्तार करने में लगी हुई है। पटना सिटी क्षेत्र की आलमगंज थाना पुलिस में तीन बदमाशों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। पटनासिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के सादिकपुर मछुआ टोली स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार छापेमारी कर 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं उनके पास एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस पूरे मामले पर आलमगंज थाना की पुलिस का कहना था कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक किसी आपराधिक साजिश को अंजाम देने के फिराक में 3 बदमाश इकट्ठा हुए हैं। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर तीन बदमाश प्रिंस कुमार, राजाबाबू और विकास मल्लाह को गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों में राजा बाबू नामक बदमाश पूर्व में शास्त्री नगर थाना एवं शाहपुर थाना क्षेत्र से लूट व डकैती मामले में जेल जा चुका है। करीब 6 वर्ष तक जेल में रहने के बाद वह जेल से बाहर निकला है और किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में था। तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।