अवैध बालू के खिलाफ एसडीएम की बड़ी कार्रवाई पंद्रह ट्रक-ट्रैक्टर व एक पे लोडर को किया जप्त


 कमलेश कुमार की रिपोर्ट ;-

डेहरी। रोहतास
रोहतास जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगने के बावजूद रात में सोन नद से हो रहे अवैध बालू खनन व कोयला डिपो में अवैध बालू डंपिंग की सूचना पर लगातार तीसरे दिन पुलिस प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को पुलिस प्रशासन द्वारा दिनभर की गई कार्रवाई में अवैध बालू लदे तेरह ट्रक एक ट्रैक्टर व एक पे लोडर को जप्त किया है। हालांकि इस दौरान किसी कारोबारी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। किंतु लगातार तीसरे दिन पुलिस प्रशासन टीम द्वारा की गई कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। बताते चलें कि शनिवार को जहां सीओ अनामिका कुमारी ने अवैध बालू लदे आठ ट्रक व ट्रैक्टर को जप्त किया था। वहीं रविवार को एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने कोयला डिपो जमुहार व सुअरा में कार्रवाई कर अवैध बालू लदे आठ ट्रक व ट्रैक्टर को जप्त किया था। तब अवैध बालू कारोबारियों को लगा था कि अब पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। किंतु सोमवार की सुबह एक रणनीति बनाकर एसडीएम सुनील कुमार सिंह, एएसपी संजय कुमार ने कई थाना की पुलिस टीम के साथ छापेमारी शुरू की। दिनभर कोयला डिपो में की गई कार्रवाई से बालू माफियाओं के होश उड़े थे। इधर एसडीएम ने दो टूक में कहां की है लगातार तीन दिनों की कार्रवाई में बालू लदे 31 ट्रक ट्रैक्टर व एक पे लोडर जप्त किया गया है। सभी जप्त वाहनों के मालिक व चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।