लॉकडाउन में आर्थिक तंगी से शूली पर चढ़ा एक परिवार


 दीपराज की रिपोर्ट ;-

डेहरी/रोहतास
रोहतास जिले से एक खौफनाक घटना सामने आ रही है। जहां इस लॉकडाउन में आर्थिक तंगी से जूझते हुए एक पति ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकार सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि घटना की मुख्य वजह आर्थिक तंगी के कारण पारिवारिक कलह है। इस मामले की सूचना जैसे ही आसपास के लोगों को मिली तो इलाके में सनसनी मच गई। घटना रोहतास थाना क्षेत्र के बंजारी की बताई जा रही है। मृतकों में 30 वर्षीय पूरन भुइयां और उसकी 25 वर्षीय पत्नी चिंता देवी शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया की पूरन भुईयां और उसकी पत्‍‍‍‍नी चिंता देवी के बीच रविवार रात झगड़ा हुआ था। झगड़े की आवाज आस पास के रहनेवाले लोगो ने भी सुनी थी। इसके बाद क्‍या हुआ किसी को पता नहीं है। बताया जाता है कि झगड़े के बाद गुस्‍से में पूरन ने पहले गला दबाकर अपनी पत्‍नी की हत्‍या कर दी, उसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्‍नी दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। लॉकडाउन में कहीं काम नहीं मिलने के कारण दोनों के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई थी। मामले की जानकारी सोमवार के प्रातः मिली जब उनकी बेटी खुशबू  (सात वर्ष), खुशी (छह वर्ष) और बेटा पवन (पांच वर्ष) की सुबह में नींद खुली तो मां को बेसुध पड़ा देखा। वे मां को उठाने लगे लेकिन काफी हिलाने-डुलाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो बच्‍चे पिता के कमरे में गए। पिता को फंदे पर लटका हुआ देखकर बच्चे डर गए। वे डर से चीखने-चिल्‍लाने लगे। बच्चों के लगातार रोने पर आसपास के लोगों ने घर में आकर देखा तो वे वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। 
पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी हुई थी तो वहीं पति फंदे से झूला हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव रंजन शव को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने पोस्टमार्टम कराकर शव को मृतक के परिजन के हवाले कर दिया तथा बताया कि मामले की जांच पड़ताल जारी है।