कमलेश कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी। रोहतास
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित मरीजों से प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य रिपोर्ट लेने में कई विकास मित्र व आंगनबाड़ी सेविका आनाकानी कर रही है तथा कोरोना संक्रमण को लेकर डर रही है। बताते चलें कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में करीब डेढ़ सौ से अधिक कोरोना संक्रमित लोग होम आइसोलेशन में रह रहे हैं। जिनमें कई ऐसे कोरोना संक्रमित हैं जो घर पर इलाज करवाने के साथ-साथ बाहर खुले में घूम रहे हैं। पूर्व में मिली ऐसी सूचना के बाद डीएम के निर्देश पर कुल 55 टीम बनाया गया है। जो होम आइसोलेशन में रह रहे संक्रमित मरीजों का प्रतिदिन रिपोर्ट प्राप्त कर वरीय अधिकारियों को भेज रहे हैं। होम आइसोलेशन टीम में एएनएम, आशा कार्यकर्ता, विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविका व नगर परिषद कर्मी शामिल है। किंतु शहरी क्षेत्र के कई विकास मित्र व आंगनबाड़ी सेविका होम आइसोलेशन टीम में काम करने से इंकार कर रहे हैं। जिस कारण कई वार्डों में होम आइसोलेशन की सुध लेने वाला कोई नहीं है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अनुज चौधरी ने बताया कि होम आइसोलेशन टीम में काम नहीं करने वाले विकास मित्र व आंगनबाड़ी सेविकाओं के विरुद्ध वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।
