दीपराज की रिपोर्ट ;-
डेहरी/ रोहतास
नगरपालिका कार्यपालक पदाधिकारी रित्विक कुमार ने पहले ही पत्रकारों से वार्ता के क्रम में कहा था कि पूरा शहर अतिक्रमण मुक्त होगा तथा शहर की सभी गलियां अतिक्रमण मुक्त रहेंगी। इसी क्रम में नगर परिषद द्वारा 25 मई को वार्ड नंबर 16 के बच्चासिंह वाली गली में सड़क को अतिक्रमित कर निर्माण किए गए चबूतरे को ध्वस्त कर सड़क को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। यह कार्य होने से जाहिर होता है कि रित्विक कुमार द्वारा पत्रकारों को दिया गया संदेश सही साबित हुआ है तथा नगरवासी आशा कर रहे हैं कि आने वाले समय में नवनियुक्त कार्यपालक पदाधिकारी रित्विक कुमार का कार्य सराहनीय रहेगा एवं शहर का सभी रोड, नली एवं गली अतिक्रमण मुक्त होंगे। बताते चलें कि शहर के कई वार्ड में सड़क नाली एवं गली को दबंगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। जिससे आमजन व सफाई कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी क्रम में अतिक्रमण मुक्त के दौरान डिहरी नगर थाने के एएसआई धनराज सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश के अनुसार डिहरी नगर परिषद क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा, नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक गली एवं सड़कों को अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण किए गए निर्माण को ध्वस्त कर सड़क नाली एवं गली को स्वच्छ रखते हुए अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा, जिससे नगर परिषद वर्षों वर्ष तक सफाई व स्वच्छता में बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।
