ब्लैक फंगस व कोरोना से अलग-अलग दो की मौत शहर का चर्चित चाट भंडार मधु की मौत से शोक की लहर


 गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-

डेहरी। रोहतास

वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण की संख्या भले ही दिन-प्रतिदिन कम होते दिखाई दे रही है। किंतु शनिवार को ब्लैक फंगस व कोरोना से अलग-अलग स्थानों पर दो की मौत ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। शहर के चर्चित चाट भंडार मधु की मौत की खबर आग की तरह शहर में फैल गई। बताया जाता है कि शहर के नील कोठी निवासी 38 वर्षीय मधुसूदन शर्मा करीब एक माह से कोरोना संक्रमण से पीड़ित थे। जिनका इलाज पटना में चल रहा था। परिजनों के अनुसार कोरोना संक्रमण से ठीक होने के बाद ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए थे। परिजनों ने इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां शुक्रवार की रात इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। उनकी मौत पर सोन कला केंद्र अध्यक्ष पारस प्रसाद, पार्षद काली बाबू, विनय चंचल समेत सैकड़ों लोगों ने दुख प्रकट किया। वहीं दूसरी ओर अनुमंडल अस्पताल में इलाज रत कोरोना संक्रमित एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के जानपुर गांव के निवासी हैं। जो 12 दिनों से कोरोना संक्रमित होने के बाद अनुमंडल अस्पताल में इलाज रत थे। जहां इलाज के क्रम में शुक्रवार की देर रात उनकी मौत हो गई। पीएचसी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनूज चौधरी ने बताया कि मृतक के शव को कोविड गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार करा दिया गया है। अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। चिकित्सकों ने मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया है।