पुष्पा गुप्ता की रिपोर्ट ;-
पुलिस प्रशासन के घेरे में अवैध बालू लदे 17 ट्रक व ट्रैक्टर को किया जप्त
पुलिस मुख्यालय के कड़े तेवर के बाद अवैध खनन पर कसने लगा शिकंजा
डेहरी/रोहतास
रोहतास और औरंगाबाद में 1 मई से वैध तरीके से बंद बालू घाट के बावजूद धड़ल्ले से सोन नद में हो रहे अवैध खनन को लेकर पुलिस पर उठ रहे सवालों के बीच एसपी आशीष भारती को खुद कार्रवाई के लिए सोन तट पर उतरना पड़ा। यही कारण है कि बुधवार को पुलिस प्रशासन की टीम ने अवैध बालू लदे 17 ट्रक व ट्रैक्टर को जप्त किया। अवैध बालू घाट के रास्ते अवैध बालू लदे वाहनों के परिचालन को देख एसपी हतप्रभ थे। थानों के पुलिस की मिलीभगत से अवैध खनन व अवैध बालू लदे वाहनों के परिचालन का आरोप भी कुछ हद तक सही प्रतीत हो रहा था। एसपी आशीष भारती रोहतास थाना अंतर्गत बिशनपुरा अवैध बालू घाट पहुंचे तो दिन के उजाले में अवैध खनन व अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को देख खुद कार्रवाई के लिए उतर गए। पुलिस को देख अवैध बालू कारबारी कई ट्रैक्टर का इंजन लेकर भाग गए और डाला को छोड़ दिए। जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया। वहीं दूसरी ओर एसडीएम सुनील कुमार सिंह ए एसपी संजय कुमार समेत अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने इंद्रपुरी सुअरा आदि स्थानों पर कार्रवाई करते हुए,अवैध बालू लदे दो ट्रक व ट्रैक्टर को जप्त किया सबसे अधिक अवैध बालू घाट संचालक की जानकारी दरिहट थाना क्षेत्र के मझिआंव, पडूहार, बेरकफ से मिल रही थी। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी अवैध बालू घाट के रास्ते को जेसीबी के द्वारा कटवाया। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों से दो टूक में कहा कि किसी भी सूरत में अवैध बालू खनन व अवैध बालू वाहनों का परिचालन नहीं होना चाहिए। हालांकि बुधवार को पुलिस प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा था।
