अतिक्रमण के मुद्दे पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने की बैठक

गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-


 डेहरी/रोहतास 

शहर के मुख्य पथो को अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध अब पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम कारवाई करेगी। किसी भी सूरत में शहर के मुख्य पथ बाधित ना हो, इसके लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कारवाई करने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में एसपी आशीष भारती ने बारी बारी से अनुमंडल, अंचल, नगर परिषद व पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से अलग-अलग राय मांगी। एसडीएम सुनील कुमार सिंह का कहना था, कि पथ निर्माण विभाग शहर के सभी पथो की मापी करें, और नगर परिषद, स्थानीय पुलिस-प्रशासन यह सुनिश्चित करेंगे कि उन पथो पर अतिक्रमण ना हो। इसके लिए नगर परिषद, अंचल प्रशासन व स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ‌ अभियान भी  चलाएं। पड़ाव की खाली भूमि पर मुख्य बाजार में लगने वाली ठेला को अस्थाई तौर पर लगाने ,जाम की समस्या से निपटने के लिए कारगर उपाय करने, तथा स्टेशन रोड में पथ निर्माण विभाग की भूमि को कब्जा करने वाले को चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही गई। बताते चलें कि थाना चौक से अंबेडकर चौक,  स्टेशन रोड बस स्टैंड से सुभाष नगर, तथा पाली रोड में सड़क पर ठेला व अस्थाई दुकान लगाने से आम लोगों के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन अधिकारियों को भी जाम की समस्या से भुगतना पड़ता है इसके अलावा मुख्य बाजार व स्टेशन रोड में सड़कों पर ठेला लगाने के कारण राहगीरों से ठेला चालकों के साथ मारपीट की घटना भी घटती है। जहां मुख्य बाजार में अधिकांश दुकानदारों द्वारा अपने दुकान के सामने पैसा लेकर ठेला व अन्य फुटपाती दुकान लगाने की शिकायत मिलते रहती है। वहीं स्टेशन रोड में पथ निर्माण विभाग की भूमि पर चारपाई डालकर और झोपड़ी लगाकर मोटी रकम लेकर जमीन की मौखिक खरीद बिक्री भी की जाती है। कई लोग किराए पर ठेला और दुकान भी लगवाते हैं, जिसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासन सख्त हो गई है।  एएसपी संजय कुमार ने भी अतिक्रमण हटाने के मुद्दे पर कई सुझाव दिए। एसपी ने कहा कि एक रणनीति तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से शहर के मुख्य पथो को अतिक्रमण मुक्त कराने की कारवाई पुलिस-प्रशासन संयुक्त रूप से करेगी। बैठक में सीओ अनामिका कुमारी, नगर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, सिटी मैनेजर मनोज भारती समेत अन्य उपस्थित थे।