मात्र 6 घंटे में किया गया एक लघु रेल पुल का पुनर्निर्माण



गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-

डेहरी /रोहतास 

मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) पूर्णतः संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित रखने हेतु निरंतर कार्यरत है। मंडल के अंतर्गत विभिन्न रेल अवसंरचनाओं का निरंतर विकास, उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 28.05.2021 को ट्रैक सेफ्टी और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीडीयू मंडल के डीडीयू-गया रेलखंड में खुर्माबाद रोड एवं शिवसागर रोड स्टेशनों के बीच स्थित एक पुराने लघु रेल पुल (Minor Rail Bridge)(पुल संख्या -599) के स्थान पर नए लघु रेल पुल का निर्माण किया गया। ऊपर से रेल लाइन हटाते हुए लगभग 120 वर्ष पुराने इस लघु रेल पुल के ढांचे को ध्वस्त करने के बाद नए पुल हेतु प्रीकास्ट आरसीसी बॉक्स व उनके स्लैब स्थापित किये गये। सटीक कार्ययोजना एवं समन्वय के साथ इस रेल पुल के पुनर्निर्माण का कार्य मात्र 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस पुल के पुनर्निर्माण कार्य के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय, वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) श्री एच सी यादव, वरीय मंडल अभियंता श्री सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी कार्यस्थल पर उपस्थित रहे।
खुर्माबाद रोड एवं शिवसागर रोड स्टेशनों के मध्य स्थित पुनर्निर्माण हेतु ध्वस्त किये गए लगभग 120 वर्ष पुराने लघु रेल पुल से ईस्ट इंडियन रेलवे कंपनी (E.I.R) की ईंटें मिली हैं। विदित हो कि ईस्ट इंडियन रेलवे कंपनी की स्थापना 1854 में हुई थी।