दीपराज की रिपोर्ट ;-
करगहर / रोहतास
कोरोना महामारी व आपदा का सबसे ज्यादा असर रोज कमा कर खाने वालो पर पड़ा है। ऐसे परिवारों के पास राशन इत्यादि ना होने से उनके व उनके बच्चों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना के कहर के चलते हुए लॉकडाउन ने सामान्यजन की दिनचर्या को भी अस्त-व्यस्त कर दिया है। निम्न वर्गीय लोग, जो दो समय के भोजन के लिए दिहाड़ी-मजदूरी पर निर्भर थे। लॉकडाउन के कारण खुद को बहुत ही असहाय व बेबस महसूस कर रहे हैं। इसी बेबसी के चलते जब एक पिता अपने बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था नहीं कर पाये तो उन्होंने 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल कर कहा कि बच्चों के लिए भोजन व दूध की मदद चाहिए। करगहर निवासी सरोज कुमार राम ने 1098 पर फोन किया और अपने बच्चों व अपने साथी मजदूर भाईयों के बच्चों के लिए भोजन की मदद मांगी।जानकारी देते हुए चाइल्डलाइन के कोऑर्डिनेटर अपूर्वा मोदी ने बताया कि जब टीम दिए गए पते पर पहुंची तो उन्होंने बताया कि वे लोग दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने बच्चों का भरण-पोषण कर रहे थे, परंतु लॉकडाउन के कारण काम न होने के कारण अपने बच्चों के लिए आज सुबह से भोजन की व्यवस्था नहीं कर पाए और घर में जो भी राशन था। वह भी समाप्त हो गया, बच्चों ने सुबह से कुछ नहीं खाया। तत्पश्चात सुचना मिलते ही चाइल्डलाइन टीम तुरंत उनके बताएं पते पर करगहर गांव पहुंची और तुरंत बच्चों के लिए खाने की व्यवस्था की। टीम ने वहां मौजूद जरूरतमंद परिवार के बच्चों को राशन जैसे आटा, दाल, चावल, दूध व अन्य जरूरत की सामग्री प्रदान की। जब टीम ने वहां मौजूद लोगों से बात की तो कुछ लोग भावुक हो गए और कहने लगे कि इस महामारी व लॉकडाउन ने हम जैसे लोगों को शारीरिक व मानसिक रूप से सक्षम होते हुए भी अपंग बना दिया है। हम अपने बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करने में भी असक्षम है। इस पर चाइल्डलाइन की टीम ने उन्हें समझाया और इस स्थिति का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्हें विश्वास दिलाया कि इस मुसीबत के समय में चाइल्डलाइन उनकी बच्चों से संबंधित हर संभव सहायता करने का प्रयास करेंगी। परंतु वे इस लॉकडाउन का पालन करें और देश को इस महामारी से बचाने में योगदान दें। चाइल्डलाइन टीम मेम्बर अनुराधा गुप्ता ने बताया कि बच्चे इस समय सबसे ज्यादा परेशानी में हैं और ऐसी कॉल्स लगातार 1098 पर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि आप में से किसी को भी बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता हो, तो किसी भी समय टोल-फ्री नंबर 1098 पर कॉल कर सकते हैं। हमारी टीम तुरंत आप की मदद के लिए पहुंच जाएगी। इस दौरान चाइल्ड लाइन की टीम लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने, अपनी साफ सफाई व स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी निरंतर प्रेरित कर रही है। मौके पर टीम मेम्बर विनय कुमार ,इमरान आलम,मनिष कुमार रंजन सहित आदि लोग उपस्थित थे।
