गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी। रोहतास
नगर विकास विभाग में शुक्रवार की रात राज्य के 31 नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी का तबादला किया है। जिसमें शेखपुरा जिला के बरबीघा नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को डेहरी नगर परिषद के नए कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। जबकि वर्तमान नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह का तबादला पटना जिला के दानापुर नगर परिषद में किया गया है। बताते चलें कि सुशील कुमार सिंह करीब 2 वर्षों से डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद में बतौर कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित थे। पार्षदों व कर्मियों के साथ आपसी सामंजस्य बनाकर शहर के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य पार्षद व कार्यपालक पदाधिकारी के संयुक्त प्रयास से डेहरी नगर परिषद को स्वच्छता के मामले में बिहार में नंबर वन की सूची में शामिल किया । इसके अलावे कई अन्य बड़े कार्य भी हुए। अब नए कार्यपालक पदाधिकारी कुमार रित्विक के आगमन को लेकर वार्ड प्रतिनिधि समेत आम लोगों को कई बड़ी उम्मीदें हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो बरबीघा नगर परिषद में करीब 27 महीने के अपने कार्यकाल में जिले के बेहतर पदाधिकारी के रूप में कुमार ऋत्विक जाने जाते हैं। सोमवार को डेहरी नगर परिषद में नए कार्यपालक पदाधिकारी योगदान देंगे। मुख्य पार्षद विशाखा सिंह, पार्षद संजीत सिंह, काली बाबू, सोनू चौधरी, दीपक पासवान समेत अन्य पार्षदों का कहना है कि नए कार्यपालक पदाधिकारी से बहुत सारी उम्मीदें हैं। विकास की कई छोटी-बड़ी योजनाएं ससमय पूरा किया जाएगा। तथा पुनः डेहरी को स्वच्छता के साथ-साथ विकास के मामले में नंबर वन बनाया जाएगा। मुख्य पार्षद ने यह भी कहा कि नए कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में जो जानकारी मिली है, उससे सभी उत्साहित हैं। क्योंकि उनके कार्य करने के तरीके, कार्यशैली व सबका साथ, सबका विकास के साथ-साथ नगर परिषद को विकसित करने की उनकी कार्य इच्छा को साथ मिलकर पूरा किया जाएगा।
