अब डीपीओ व डीएम कार्यालय का दरवाजा खटखटाएंगी सेविकाए
डेहरी। रोहतास
शहरी क्षेत्र के आंगनबाड़ी सेविकाओं को तीन वर्षों से केंद्र का किराया नहीं मिलने पर आंगनबाड़ी सेविकाओं ने डेहरी सदर सीडीपीओ कार्यालय पहुंच कर बवाल काटा, व सीडीपीओ तथा पर्यवेक्षिकाओं पर कई गंभीर आरोप लगाया। कई घंटों के इंतजार के बाद भी सीडीपीओ या पर्यवेक्षिकाओ की उपस्थिति नहीं होने पर सेविकाओं ने अपने दस्तावेजों को कार्यालय में छोड़ वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए अपने केंद्र वापस लौट गई। सेविकाओं ने यह चेतावनी भी दी, की यदि विभागीय अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं का निदान नहीं किया गया तो डीपीओ व डीएम से मिलकर अपनी फरियाद सुनाएंगी। कई सेविकाओं का आरोप था, कि दो से तीन वर्षों से केंद्र का किराया कार्यालय द्वारा जानबूझकर लटकाया गया है। जबकि विभागीय नियमानुसार उन्होंने सभी दस्तावेजों को कई बार कार्यालय में जमा किया है। कार्यालय के कर्मी भी सेविकाओं पर धौंस जमाते है। इधर सीडीपीओ व पर्यवेक्षिका एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए सेविकाओं को आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। सेक्टर की बैठक के लिए चाय नाश्ता का आने वाला पैसा भी हजम किया जाता है। आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए फर्नीचर व किचन सामान आदि की राशि में भी अनियमितता की गई है। शिकायत करने पर सीडीपीओ चयन मुक्त करने की धमकी देती हैं। सेविकाओं ने कहा कि वरीय अधिकारी के समक्ष सीडीपीओ कार्यालय के अधिकारी व कर्मी की पोल खोलेंगे। आक्रोश व्यक्त करने वालों में आंगनबाड़ी सेविका साधना गुप्ता, कुमारी संध्या, मधुलिका, प्रमिला देवी, चांदनी देवी, फरजाना खातून, मनोरमा देवी आदि शामिल थी। डीपीओ सुनीता कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं की शिकायत के लिए उन्हें कार्यालय में बुलाया गया है। तत्पश्चात अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।
