इमारते शरिया प्रखंड स्तर पर खोलेगी इंटर स्तरीय अंग्रेजी विद्यालय।


इरफान कुरैसी  की रिपोर्ट ;-

डेहरी/ रोहतास

मुस्लिमों का संगठन इमारती सरिया आज डेहरी प्रखंड में बैठक की। यह बैठक बारह पत्थर में इस्लामिया विद्यालय के पास मदरसा फलहुदारेन मे किया गया। बैठक की अध्यक्षता काजीय सैरियत मौलाना एहसान उल हक कासमी ने किया। बैठक में इमारते सरिया के जनरल सेक्रेटरी मौलाना अहमद हुसैन कासमी भी मौजूद रहे। बैठक में मौलाना अहमद हुसैन कासमी ने कहा कि, पूरे राज्य स्तर पर गरीब एवं असहाय मुस्लिम बच्चों के लिए इंटर स्तरीय अंग्रेजी विद्यालय खोला जाना चाहिए। उन्होंने सरकारी विद्यालय की पढ़ाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि, आज सरकारी विद्यालय की पढ़ाई से हमारा कौम प्रतिस्पर्धा की दौड़ में काफी पीछे हो रहा है। अतः हम सभी को चाहिए कि हर प्रखंड में लोगों की मदद से मुस्लिम बच्चों के लिए इंटर स्तरीय अंग्रेजी विद्यालय का गठन हो। इन विद्यालयों का निर्माण आधुनिक विद्यालय की तरह होगा। जहां उर्दू की तालीम के साथ-साथ विज्ञान व टेक्नोलॉजी की भी तालीम दी जाएगी। उन्होंने इस प्रकार के विद्यालय का गठन बिहार के साथ-साथ उड़ीसा और झारखंड में भी करने को कहा। बैठक के अध्यक्ष मौलाना एहसान उल हक कासमी ने कहा कि, आज के दौर में शिक्षा के महत्व को सभी जानते हैं। सरकार द्वारा दी जाने वाली शिक्षा पूर्ण नहीं है। जब तक हमारे बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं प्राप्त होगी, वह प्रतिस्पर्धा की दौड़ में पीछे रह जाएंगे। इसलिए आज समय की मांग है कि, इस प्रकार के विद्यालय का गठन हो। जिसमें हर प्रकार की तालीम दी जाए। विद्यालय के गठन का महत्वपूर्ण भूमिका आम जन की है। जब तक लोग स्वयं जागरूक नहीं होंगे, तब तक यह कार्य संभव नहीं है। इसलिए सभी को चाहिए कि अपने बच्चों के लिए दो कदम आगे बढ़कर इस प्रकार के विद्यालय के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाये। बताते चलें कि मौलाना एहसान उल हक कासमी औरंगाबाद, रोहतास व भभुआ के काजी भी हैं। वहीं उपस्थित लोगों ने भी काजी द्वारा अपील की गई बातों पर सहमति जताते हुए, हर संभव मदद करने का भरोसा दिया।