मयंक कुमार की रिपोर्ट ;-
औरंगाबाद:- डोमन नारायण सिंह जिला प्रशिक्षण केंद्र बभंडी औरंगाबाद में शनिवार को राष्ट्रीय युवा सप्ताह सह प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। बिहार भारत स्काउट और गाइड औरंगाबाद के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में बिहार विधान सभा निर्वाचन 2020 के अंतर्गत मतदान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त स्काउटो -गाइडों को जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल, विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी औरंगाबाद डॉ. प्रदीप कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जावेद इकबाल तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यासागर सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया। सभी अतिथियों को शाल एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया गया, साथ ही उनके सम्मान में स्वागत गीत तथा समूह नृत्य का प्रदर्शन स्काउट गाइड द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा निर्वाचन 2020 के अवसर पर मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित करने वाले जिले के 202 मास्टर प्रशिक्षकों को भी जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने स्काउटो गाइडो द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मास्टर प्रशिक्षकों को भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के अंतर्गत मतदान कार्य को संपन्न कराना था। जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले दोनों विंग आज जिला प्रशिक्षण केंद्र में उपस्थित हैं। यह देखकर हमें काफी प्रसन्नता हो रही है।आप सबों से भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्य की अपेक्षा करता हूं। जिलाधिकारी ने जिला प्रशिक्षण केंद्र के विकास में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी ने उपस्थित स्काउट-गाइड, स्काउटर और गाइडर तथा मास्टर प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की तथा उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्रीनिवास कुमार ने किया तथा जिला प्रशिक्षण केंद्र के विकास हेतु अधिकारियों से आग्रह किया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन स्काउट मास्टर सह मुख्य मास्टर प्रशिक्षक राजकुमार प्रसाद गुप्ता ने किया। इस मौके पर स्काउटर सुरेंद्र कुमार सिंह, रुस्तम आलम, अमित रंजन भास्कर, अखिलेश शर्मा,श्रवन कुमार,अनिल रविदास, कुंदन ठाकुर, गाइडर मनोरमा कुमारी ,पूनम कुमारी, रोवर ज्वाला प्रकाश ,धर्मेंद्र कुमार, लव कुमार, संतोष शर्मा ,मंजय कुमार ,राज कुमार, संजय कुमार ,आयुष कुमार तथा जिला निर्वाचन नाजिर चंदन कुमार, जय राम मिश्र सहित 650 स्काउट गाइड मौजूद थे।

