नये डीआरएम के नेतृत्व में डीडीयू रेल मंडल विकास के कई कीर्तिमान स्थापित करेगा : अशोक कुमार, एजीएम पूमरे।


गौतम कुमार की रिपोर्ट :-
डेहरी पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल (डीडीयू) के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर से आये पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक(AGM) श्री अशोक कुमार द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में मंडल के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की गई।
बैठक के प्रारंभ में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय द्वारा अपर महाप्रबंधक महोदय का स्वागत किया गया। बैठक में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपर महाप्रबंधक  को डीडीयू मंडल से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की अद्यतन स्थिति तथा उपलब्धियों से अवगत कराया गया। बैठक के दौरान अपर महाप्रबंधक द्वारा यात्री सुविधा, अवसंरचना विकास, समय पालन, माल परिवहन, चिकित्सा, स्क्रैप डिस्पोजल , संरक्षा, सुरक्षा आदि विषयों पर मंडल रेल प्रबंधक सहित संबंधित शाखा अधिकारियों से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में डीडीयू मंडल के अंतर्गत डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के संबंध में भी चर्चा हुई। अपर महाप्रबंधक  द्वारा मंडल द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। 

बैठक के दौरान अपर महाप्रबंधक ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल भारतीय रेल का शरीर में हृदय जैसा अति महत्वपूर्ण रेल मंडल है जिसमें रेल परिचालन का प्रभाव विशेषकर पूर्वी भारत में स्थित रेल मंडलों में रेल परिचालन पर पड़ता है। उन्होंने डीडीयू रेल मंडल के कार्य प्रदर्शन पर संतुष्टि व्यक्त की तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में डीडीयू मंडल की टीम को भारतीय रेल के चुनिंदा रेल अधिकारियों की बेहतरीन टीम होने की बात कही। अपर महाप्रबंधक  ने डीडीयू मंडल की पूरी टीम को भविष्योन्मुख रह कर सकारात्मक सोच के साथ सदैव पहले से बेहतर कार्य करने के लिए प्रयत्नशील रहने हेतु प्रेरित करते हुए कार्य प्रदर्शन के नए प्रतिमान स्थापित कर डीडीयू मंडल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कही। साथ ही अपर महाप्रबंधक द्वारा मंडल के अधिकारियों को रेल विकास कार्य से संबंधित आवश्यकता होने पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री ललित चंद्र त्रिवेदी के नेतृत्व में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से सदैव पूर्ण सहयोग के प्रति आश्वस्त किया गया। अंत में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय द्वारा अपर महाप्रबंधक महोदय का धन्यवाद दिया गया तथा मंडल द्वारा कठिन परिश्रम करते हुए और बेहतर कार्य करते रहने की आशा व्यक्त की गई।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक-l श्री राकेश कुमार रौशन तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक-ll श्री अतुल कुमार, वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता (समन्वय)श्री बृजेश कुमार यादव, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अजीत यादव , वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक श्री सुधांशु रंजन, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रुपेश कुमार, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री आशीष मिश्रा, वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) श्री एच सी यादव, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता (समाडि) श्री गौरव कुमार,  वरीय मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) श्री इंदु प्रकाश, वरीय मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) श्री ओ पी सिंह यादव, वरीय मंडल विद्युत अभियंता (टीआरएस) श्री प्रशांत कुमार,  वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी श्री के एन एस यादव, वरीय मंडल सामग्री प्रबंधक श्री पी के श्रीवास्तव, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) श्री चंद्रशेखर आजाद स्नेही, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल) श्री मुहम्मद इकबाल अहमद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर के मिश्रा, उप मुख्य अभियंता (निर्माण) श्री यशपाल आदि अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के डीडीयू मंडल क्षेत्र से संबंधित अधिकारी श्री लाल जी चौधरी, महाप्रबंधक/संकेत एवं दूरसंचार  तथा श्री एस के झा, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक/सिविल उपस्थित थे।