मयंक कुमार की रिपोर्ट;-
औरंगाबाद:- देव थाना क्षेत्र के देव - अम्बा पथ पर सिंचाई कॉलोनी के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार से आ रही एक बस पलट गई ।बस में सैप जवान सवार थे। घटना में सैप के 8 जवान घायल हो गए है । घटना का कारण बस चालक का शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है ।पुलिस के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर कल 28 अक्टूवर को प्रथम चरण का मतदान होना है । मतदान को लेकर पुलिस बलों की अलग अलग जगहों पर तैनाती की जा रही है । इसी क्रम में देव प्रखंड के ढिबरा थाना में तैनात सैप के जवान बस से अपनी ड्यूटी के लिये पुलिस लाइन जा रहे थे ।कहा जा रहा है कि इसी बीच बस का चालक चट्टी बाजार में गाड़ी रोककर कहीं चला गया और उधर से शराब के नशे में धुत होकर आया। गाड़ी में बैठे जवानों ने चालक को गाड़ी धीरे धीरे चलाने की हिदायत दी , बावजूद इसके चालक गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाना शुरू कर दिया । गाड़ी जैसे ही सिंचाई कॉलोनी के पास पहुँची तो गाड़ी बिजली के खंभे से टकराते हुए पलट गई । गाड़ी पलटने से सैप के 8 जवान घायल हो गए । घायल जवानों में नरेश ठाकुर ,दयाराम प्रसाद, मिथिलेश राय, जीपी सिंह ,एपी पाल ,दीपचंद राय , तपेश्वर कुमार शामिल है । घटना के बाद स्थानीय लोगो की भीड़ लग गई । स्थानीय लोगो की मदद से सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित निकाला गया । वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची देव थाना पुलिस ने सभी घायल जवानो को उपचार के लिये स्थानिय अस्पताल मे भेज दिया है। थानाध्यक्ष वंकेटेश्वर ओझा ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआई जायेंद्र भारती को मौके पर भेजा गया । सभी जवानो को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ड्यूटी पर भेजा गया है । सभी जवानों का सामान और हथियार भी सुरक्षित है । जबकि चालक मौके से फरार है । मामले की जांच की जा रही है ।

