गौतम शर्मा
डेहरी, रोहतास ।
पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में आयोजित राजभाषा सप्ताह के समापन के अवसर पर आयोजित समारोह में डेहरी, करवंदिया एवं सोननगर स्टेशन अधीक्षक को हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। डीडीयू रेल मंडल के तकरीबन 14 हजार रेलकर्मियों के बीच मंडल के केवल 15 रेलकर्मियों को हिन्दी सप्ताह के अंतर्गत हिंदी में बेहतरीन कार्य करने के लिए चुना गया। जिसमें डेहरी स्टेशन अधीक्षक रवींद्र कुमार वर्मा, सोननगर स्टेशन अधीक्षक अशीम कुमार एवं करवंदिया स्टेशन अधीक्षक अभिमन्यु राम का नाम शामिल है। जिससे डेहरी, सोननगर तथा करवंदिया स्टेशन के रेलकर्मियों में हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। राजभाषा सप्ताह के समापन पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन सभी रेलकर्मियों को पुरस्कृत करते हुए अपने वर्चुअल संबोधन में डीडीयू रेल मंडल के रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने हिंदी में प्रशंसनीय कार्य करने वाले पुरस्कृत सभी 15 रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय पहचान और देश की एकता की मजबूत कड़ी है। मेरा मानना है कि भारतीय रेल की पटरी के साथ-साथ हिंदी भी यात्रा करती है। हिंदी ने आज विश्व में संपर्क भाषा के रूप में अपनी पहचान बनाई है। यही कारण है कि विश्व में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा हिंदी है। इसका हमें गर्व है। इस मौके पर राकेश कुमार रोशन, अतुल कुमार गोपाल,वरीय राजभाषा अधिकारी दिनेश चंद्र आदि लोग मौजूद रहे।
