शिप्रा व लुधियाना ट्रेनों के ठहराव की रखी मांग



 गौतम  शर्मा 

डेहरी। रोहतास

भाजपा के डेहरी विधायक ई सत्यनारायण यादव एवं सन 1989 से डेहरी में अखिल भारतीय स्तर पर लघु नाटक, नृत्य, नुक्कड़ नाटक तथा समाजिक सरोकारों के प्रतिनिधि मंच अभिनव कला संगम ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर 12 सितंबर से डेहरी - डीडीयू - गया रूट शुरू होने वाली दो जोड़ी  स्पेशल ट्रेनों की ठहराव डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर देने की मांग की है। रेल मंत्री को भेजे पत्र में विधायक ई सत्यनारायण यादव ने कहा है, कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन के दौरान बड़े पैमाने पर देश के कोने-कोने से लोगों ने अपने शहर और गाँव में वापसी की थी। खुद रेलवे ने भी इन्हें लाने के लिए सैकड़ों श्रमिक और स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया था। लेकिन जब परिस्थितियां थोड़ी सामान्य हो रही हैं, और लोग अपने कामकाज तथा अन्य जरूरी कार्यों को लेकर राज्य के अन्य हिस्सों में जाना चाहते हैं। ऐसे में धनबाद - लुधियाना स्पेशल ट्रेन 0337/08 तथा हाबडा - इंदौर शिप्रा स्पेशल ट्रेनों का ठहराव निश्चित रूप से डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर होना चाहिए। वहीं अभिनव कला संगम के संयोजक कमलेश कुमार ने रेल मंत्री को लिखे अपने पत्र में संगठन द्वारा होने वाली अंतरराष्ट्रीय /राष्ट्रीय आयोजन का हवाला देते हुए कहा है कि इन दोनों स्पेशल ट्रेनों की ठहराव नहीं होने से आयोजन पर असर पड़ सकता है, और डेहरीवासियो को  अन्य राज्यों में आवश्यक कार्यों के लिए जाने  में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शहरवासियों के मुश्किलों को देखते हुए 12 सितंबर से चलने वाली धनबाद लुधियाना एंव हाबडा इंदौर शिप्रा स्पेशल ट्रेनों का ठहराव डेहरी स्टेशन पर दिया जाय। ज्ञातव्य हो कि 12 सितंबर से चलने वाली इन दोनों स्पेशल ट्रेनों को गया, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम, भभुआ आदि स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। लेकिन डेहरी स्टेशन पर ठहराव नहीं दिया गया है। जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। दूरभाष पर हुई वार्ता के क्रम में रेल अधिकारियों ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है।