मयंक कुमार
बारूण(औरंगाबाद):- बारूण दाउदनगर रोड पर केशव मोड़ के पास बस स्टैंड बनाने के लिए सरकारी भूमि से शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। बारूण सीओ बसंत कुमार राय तथा प्रभारी थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में प्रशासन ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाया। इस दौरान 5 से अधिक दुकान व होटल को हटवाया गया। सीओ पुलिस बल सहित अन्य संसाधनों के साथ पहुंचे। इसके बाद बारी-बारी से चिह्नित दुकानों को हटवाया। इस कारवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी मच गई। लेकिन पुलिस बल के कारण उनकी एक न चली। कार्रवाई की बाबत बारूण सीओ ने बताया कि रोड के सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर दुकान बना लि गए थे। अतिक्रमणकारियों को पहले भी कई बार प्रशासन की ओर से नोटिस भेजकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन ऐसा नहीं करने पर प्रशासन की ओर से नियमानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसको लेकर प्रशासन के द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी। इस इलाके में अतिक्रमण के कारण प्राय: जाम की समस्या होती है। इसके मद्देनजर लंबे समय से प्रशासन अतिक्रमण हटाने का मुहिम केशव मोड़ पर चला रहें हैं । उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाए जाने से सड़क पर उत्पन्न हो रही जाम की समस्या भी दूर होगी तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा । कहा कि हटाये गए दुकान के स्थान पर बस स्टैंड बनाया जाएगा।
