गौतम शर्मा
डेहरी, रोहतास।
**औरंगाबाद सांसद ने अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रध्वज सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का किया उद्घाटन।
पूर्व मध्य रेल का पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल यात्री सुविधाओं के विकास एवं सुधार हेतु निरंतर कार्यरत है।इसी क्रम में डीडीयू रेल मंडल द्वारा अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन पर विभिन्न यात्री सुविधाओं का उन्नयन व
विकास किया गया है। जिसका औरंगाबाद सांसद श्री सुशील कुमार सिंह द्वारा वेब कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रध्वज सहित वहां पुनर्विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, यूटीएस व पीआरएस भवन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज सक्सेना द्वारा सांसद श्री सुशील कुमार सिंह का स्वागत किया गया तथा कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए धन्यवाद दिया गया।तथा कार्यक्रम के दौरान डीडीयू रेल मंडल के द्वारा विभिन्न विकास कार्यों व माल लदान आदि के संबंध में सांसद श्री सुशील कुमार सिंह को अवगत कराया गया। इस अवसर पर सांसद सुशील कुमार सिंह ने कोरोनावायरस महामारी के दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल के कार्य प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि डीडीयू रेल मंडल द्वारा अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन पर सराहनीय कार्य किया गया है। स्टेशन पर उपलब्ध कराई गई लाइटिंग व्यवस्था से स्टेशन काफी सुंदर दिखता है। सांसद ने यात्री सुविधा को लेकर कुछ सुझाव भी दिए तथा आगे भी रेल मंडल के द्वारा उत्कृष्ट कार्य जारी रखने की उम्मीद जाहिर की। सांसद सुशील कुमार सिंह ने यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में डीडीयू रेल मंडल के द्वारा लगातार बेहतरीन कार्य करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज सक्सेना सहित पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं एवं व्यापारियों के लिए गुड्स ट्रेनों की संचालन में डीडीयू रेल मंडल का कार्य सराहनीय है। मंडल ने यात्रियों के लिए कोच इंडिकेशन बोर्ड, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, वाई-फाई, डिजिटल एलाउंसमेंट जैसे अनेकों प्रकार के कार्य करने के साथ-साथ धान के कटोरा कहे जाने वाले इस क्षेत्र के व्यापारियों के लिए भी गुड्स ट्रेनों की माल भाड़ा में अनेकों रियायतों के साथ मालगाड़ी की रैक उपलब्ध कराई तथा व्यापारियों के हित में बिजनेस डवलपमेंट यूनिट की गठन कर, उनके साथ निरंतर सम्पर्क कर उनके सुझावों को अपनी साधना के अनुसार अमल कर रहे हैं। जिससे यात्रियों एवं व्यावसायिक वर्ग के साथ साथ बेरोजगारों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मोहम्मद इकबाल द्वारा दिया गया। तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
