मयंक कुमार
संवाद सूत्र, नबीनगर (औरंगाबाद)-पूर्व मध्य रेलवे के डेहरी गढ़वा रेलखंड के अंकोरहा रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को ट्रेन से कटकर 18 वर्षीय युवक सनोज कुमार की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृत युवक सनोज कुमार साइकिल से रेल पटरी के किनारे से होते हुए अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था तभी ट्रेन आ गई और वह सम्भल नहीं पाया और ट्रेन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना सोननगर जंक्शन से गढ़वा रोड लाइन में पोल नम्बर 395/8DU के पास की है।मृतक की पहचान जिले के नवीनगर प्रखण्ड के एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र सनोज राम के रुप में की गई है।ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत की खबर सुन युवक के परिवार में कोहराम मचा है। युवक के स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। युवक के स्वजनों ने बताया कि सनोज साइकिल से रेलवे लाइन के किनारे होते हुए नावाडीह खंभा अपने बुआ के घर जा रहा था।इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे की घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोननगर रेल थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया है।घटना के बाद मृतक के परिजनों में हाहाकार मच गया।मृतक के परिजनों को इंटक यूनियन संगठन के अध्यक्ष वरुण कुमार सिंह एवं सचिव भोला यादव के द्वारा आर्थिक सहायता दी गई है।