डीडीयू रेल मंडल में माल की ढुलाई जारी :- डीआरएम



गौतम कुमार
डेहरी/रोहतास 

 देश में भले ही नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन बंद है। पर रेलवे अपनी जिम्मेवारियों को बखूबी समझता है। इसलिए तो देश के कोने-कोने में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात गुड्स ट्रेनों की परिचालन जारी रखे हुए है। जिसमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के  रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने कहा कि पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल  में मालगाड़ियों का परिचालन निर्बाध रूप से किया जा रहा है।मालगाड़ियों तथा पार्सल ट्रेनों के परिचालन से आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई का कार्य जारी है।
किसानों के कृषि कार्य में खाद की कोई कमी न हो या फिर आवश्यक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति को लेकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के सासाराम, पहलेजा, भभुआ, औरंगाबाद स्टेशन सहित मंडल के सभी गुड्स शेडों में  कर्मियों द्वारा चावल, सीमेंट, यूरिया खाद, नमक, गेहूं, खाली बोरों जैसे आवश्यक वस्तुओं की लोडिंग और अनलोडिंग की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
डीआरएम ने कहा कि  कोविड-19 को देखते हुए भले ही पूरे देश में नियमित ट्रेनों की संचालन  बंद किया गया है । लेकिन इस दौरान आम लोगों को गेहूं, चावल, नमक सहित दैनिक आवश्यकता की किसी भी वस्तुओं की उपलब्धता में कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए प्राथमिकता के साथ मालगाड़ियों का परिचालन किया जा रहा है । इसके अलावा छोटे व्यापारियों की सुविधा हेतु समय-सारणी पर आधारित पार्सल स्पेशल ट्रेनों का भी परिचालन जारी है । उन्होंने कहा कि माल ढुलाई में वृद्धि को लेकर डीडीयू रेल ने कई नीतिगत बदलाव किए हैं। जिससे सुगम और सस्ते दरों पर रेक की उपलब्धता व्यापारियों को सुनिश्चित कराई जा रही है। व्यापारियों के सहूलियत के लिए बिजनेस डवलपमेंट यूनिट का गठन किया गया है।