रेलकर्मी कर रहे कड़ी मेहनत जनसंपर्क |

गौतम कुमार शर्मा
डेहरी /रोहताश
 जहां समस्त देशवासी कोरोना के संक्रमण के खिलाफ अपने अपने घरों में बैढकर जंग लड़ रहे हैं और पूरे देश में लॉक डाउन चल रहा है। ऐसी चुनौतीपूर्ण समय में भी भारतीय रेल मालगाड़ियों का परिचालन देश के कोने कोने में आवश्यक वस्तुओं जैसे चावल गेहूं दाल फल दूध कोयला सीमेंट आदि को पहुंचाने के लिए निर्बाध रूप से जारी रखे हुए है। आशय की जानकारी देते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वी राज ने बताया कि
इस लॉक डाउन के दौरान संकेत एवं दूरसंचार, यातायात, रेलवे सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग तथा अन्य कई विभाग के रेलकर्मी अपने दायित्वों को बहुत ही कुशलता एवं संक्रमण के प्रति सतर्कता अपनाते हुए  ड्यूटी निभा रहे हैं है। लॉक डाउन के पश्चात्  मंडल के मुख्य स्टेशन जैसे गया सासाराम डेहरी पं.दीन दयाल उपाध्याय आदि स्टेशनों के  आस पास कई ऐसे लोग हैं जो झुग्गी झोपड़ियों में रहते हैं ऐसे विकलांग तथा असहाय लोगों को  रेल सुरक्षा बल के जवानों के द्वारा मदद की जा रही है।वहीं संकेत एवं दूरसंचार विभाग के रेलकर्मियों के द्वारा मुडियार ग्राम को गोद लेकर सेवाभाव का बेहतरीन मिसाल पेश किया है।
जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि पं.दीन दयाल उपाध्याय जं.एवं गया जं. के पास आइ आर सीटी सी की मदद से रेलवे सुरक्षा बल के जवानों एवं कामर्शियल विभाग के कर्मचारियों द्वारा भोजन वितरण किया जा रहा है और आरपीएफ बैरकों में निर्मित भोजन भी वितरित किया जा रहा है। जो मुख्यत। गया जंक्शन पं.दीन दयाल उपाध्याय जं के आस पास किया जा रहा है।
लॉक डाउन के दौरान केवल यात्री ट्रेनों का परिचालन रोका गया है। मालगाड़ियों और पार्सल ट्रेनों का परिचालन अब भी जारी है। इसके सुरक्षित परिचालन में कोई कठिनाई/अड़चन न आए इसके लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवान और मालगाड़ियों को परिचालित करने के लिए लोको पायलट, गार्ड, स्टेशन मास्टर, यांत्रिक, संकेत एवं दूरसंचार,ट्रैकमैन,मंडल कंट्रोल रूम आदि के कर्मचारी अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा और समर्पण से कर रहे हैं। साथ ही साथ लॉक डाउन के बाद यात्री ट्रेनों को कई स्टेशनों,यार्डों में सैनिटाइज कर रखा गया है तथा स्टेशनों पर लगे सामानों की सुरक्षा,रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा कुछ ट्रेनों की एस्कोर्टिंग भी कराई जा रही है ताकि सामान सुरक्षित और बिना कोई बाधा के गंतव्य तक पहुंच सके। वहीं कई स्टेशनों को सुरक्षा की दृष्टि से प्रॉपर बैरेकेटिंग भी किया गया है। केवल वही कर्मचारी स्टेशनों पर जा रहे हैं जिनकी परिचालन में आवश्यकता है। कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति स्टेशनों पर न आ जाए इसकी जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल के जवान बखूबी निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को केवल सोशल डिस्टेंसिंग से ही रोका जा सकता है। जब मंडल के स्टेशनों के पास भोजन वितरण किया जाता है तो उस समय इसका पालन किया जाता है। रेलकर्मी ऐसे लोगों को भी जागरूक कर रहे हैं जो अनावश्यक रूप से घूम रहे हैं। 
 नागरिकों,रेलवे कर्मचारियों से अनुरोध है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण रूप से पालन करें तथा लॉक डाउन के दौरान अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें।