वाहन चालकों से वसूला गया 70 हजार रुपए जुर्माना। लॉक डाउन अनुपालन के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही प्रशासनिक टीम।


कमलेश कुमार
डेहरी/ रोहतास
कोरोना वायरस संक्रमण हेतु देशभर में जारी लॉक डाउन के बीच 24 घंटे के अंदर अलग-अलग तीन स्थानों पर वाहन चेकिंग कर पुलिस ने करीब 70 हजार रुपए जुर्माना वसूला है। साथ ही कई लोगों को एक बैठक भी कराया है। तो कहीं-कहीं पुलिस को लाठियां भी चटकानी पड़ी है। इसका असर था कि शनिवार को दिन चढ़ने के साथ ही शहर में कर्फ्यू जैसा नजारा दिखने लगा। नगर थाने की पुलिस के साथ-साथ क्विक रिस्पांस टीम में शामिल पुलिसकर्मी भी वरीय अधिकारियों के निर्देश पर काफी सक्रिय दिख रहे थे। मुख्य पथों की बात कौन कहे गलियों में भी सूचना मिलते ही पुलिस दौड़ जाती थी। और जरूरत के हिसाब से उठक बैठक कराने से लेकर लाठी का प्रयोग भी करते देखा गया। स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी में अधिक भीड़ की जानकारी मिलते ही पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने सब्जी विक्रेताओं को जमकर फटकार लगाया। तथा यह चेतावनी भी दे डाली कि यदि सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित सब्जी विक्रेताओं पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों से प्रचार-प्रसार कर प्रशासन ने साफ कर दिया कि सुबह 6:00 से शाम 6:00 बजे तक ही किराना दुकान व सब्जी दुकान खुला रहेगा। शाम 6:00 बजे के बाद किसी तरह का कोई भी दुकान नहीं खुला रहेगा। उल्लंघन करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अंबेडकर चौक पर वाहन चेकिंग व अन्य कार्रवाई में एसडीएम लाल ज्योति नाथ शाहदेव, एएसपी संजय कुमार, एएसडीएम विवेक चंद पटेल, नगर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार व अन्य शामिल थे।