कमलेश कुमार
डेहरी/ रोहतास
कोरोना वायरस को लेकर देश संकट की घड़ी से गुजर रहा है। ऐसे में डेहरी शहर व आसपास में अब भी कई ऐसे लोग हैं, जो दो वक्त के भोजन के लिए तरस रहे हैं। ऐसे लोगों को भरपेट भोजन कराने के उद्देश्य से नगर परिषद में निशुल्क भोजन व्यवस्था की शुरुआत की है। बताते चले कि रिक्शा चलाने, वाले दिहाड़ी मजदूर व भिक्षाटन करने वाले समेत कई प्रकार के ऐसे लोग हैं। जो भोजन के लिए बेचैन नजर आ रहे थे। कुछ सामाजिक संगठनों द्वारा वैसे लोगों को भरपेट भोजन कराने के लिए राशन वितरण व पका-पकाया भोजन की शुरुआत की गई है। तब सोशल मीडिया के माध्यम से लोग जनप्रतिनिधि व प्रशासन पर भूखे लोगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे थे। इसी बीच शुक्रवार की शाम डीएम पंकज दीक्षित के निर्देश पर सामुदायिक रसोई का निर्णय नगर परिषद द्वारा लिया गया। एसडीएम लाल ज्योति नाथ शाहदेव ने बताया, कि आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव के निर्देश के आलोक में नगर परिषद क्षेत्र में रहने वाले निर्धन निराश्रित तथा अन्य वर्ग के लोगों के लिए आवासन एवं सामुदायिक रसोई की व्यवस्था का निर्देश दिया गया था। जिसके आलोक में नगर परिषद बस पड़ाव मैदान को स्वच्छ व सैनिटाइज कर सामुदायिक रसोई की शुरुआत की गई है। नप ईओ सुशील कुमार सिंह, मुख्य पार्षद विशाखा सिंह व उप मुख्य पार्षद बिंदा देवी स्वयं अपनी उपस्थिति में इस योजना की शुरुआत कराई। तथा सामुदायिक रसोई में कार्यरत निर्देश दिया गया, कि गरीबों के लिए बनने वाले भोजन के दौरान साफ-सफाई और सोशल डिस्टेंस का ध्यान पूरी तरह होनी चाहिए। भोजन साफ व स्वादिष्ट हो उसका ध्यान रहे। मुख्य पार्षद ने कहा कि यदि कहीं किसी अन्य जिला या प्रदेश से आकर किसी कारणवश शहर में रुके हो और उन्हें रहने की कोई जगह नहीं हो, तो वैसे लोग चाहे जो भी हो उनके रहने की भी व्यवस्था नगर परिषद द्वारा की गई है। महिला, पुरुष व बच्चों के आवासन व भोजन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से महिला-पुरुष पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। नगर परिषद अधिकारियों व प्रतिनिधियों ने साफ तौर पर कहा है, कि जितना दिन भी लॉक डाउन रहेगा। नगर परिषद क्षेत्र में लोगों को आवासन और भोजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। नगर परिषद के इस मुहिम में अकोढ़ी गोला जिला परिषद नीतू सिंह, समाजसेवी सोनू सिंह सिमल सिंह समेत अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपना सहयोग देने का हांथ बढ़ाया है मौके पर सिटी मैनेजर मनोज भारती, वार्ड पार्षद संजीत सिंह, काली बाबू, सोनू चौधरी, कृष्णा सिंह,मुन्ना सिंह आदि उपस्थित थे।

