गौतम कुमार शर्मा
डेहरी/ रोहतास
हावड़ा-दिल्ली रेल रूट पर स्थिति अतिव्यस्त स्थानीय रेलवे स्टेशन डेहरी स्टेशन को बुधवार को पूरी तरह सील कर दिया गया। रेल प्रशासन एवं रेलवे सुरक्षा बलों की टीम ने स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में टहल रहे लोगों को हटाया और स्टेशन के रास्तों पर रस्सियों व ब्रेकर लगाकर स्टेशन को पूरी तरह से सील कर दिया । स्टेशन पर सिर्फ सुरक्षा कर्मी, संचालन, सफाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को ही जाने दिया जा रहा है। रेलवे ने देश में आवश्यक वस्तुओं की माल दुलाई के लिए केवल गुड्स ट्रेनों की परिचालन जारी रखा है। आमजनों के लिए रेलवे ने स्टेशन परिसर को प्रतिबंधित कर दिया है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वी राज ने बताया कि डेहरी, सोननगर, पहलेजा, करवंदिया, सासाराम सहित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के सभी स्टेशनों को सील कर दिया गया है। केवल सुरक्षा, सफाई एवं परिचालन से जुड़े संबंधित रेलकर्मियों को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को रेलवे परिसर में आने की अनुमति नहीं होगी। अगर कोई व्यक्ति लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए पाए गए तो रेलवे अधिनियमों के मौजूदा नियमों के अनुसार कठोर कारवाई की जाएगी। रेलवे ने कोरोनावायरस के संक्रमण से बचाव के लिए एक कंट्रोल रूम का भी निर्माण किया किया है। जहां रेलवे टेलिफोन नंबर 027 73999,मोबाइल फोन नंबर 8081212707 तथा लैंडलाइन नंबर 05412-254146 पर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
पृथ्वी राज ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोनावायरस के खतरे की परिस्थितियों को समझें, रेलवे कभी युद्ध काल में भी नहीं रूकी थी। इसलिए घर में ही बैठे रहें। ताकि कोरोनावायरस का जंग जीता जा सके। कभी दिन-रात गुलजार रहने वाले डेहरी रेलवे स्टेशन पर इस समय सन्नाटा पसरा हुआ है। जहां दूर-दूर तक कोई दिखाई नहीं दे रहा है।

