प्रकृति से अच्छा शिक्षक ब्रह्मांड में कोई नहीं , सनातन संस्कृति की ओर नहीं लौटेंगे तब तक पुनः विश्व गुरु बनने का सपना साकार नहीं हो सकेगा। प्रोफेसर सिन्हा


रिपोर्ट ;- गौतम शर्मा ,वारिस अली 

डेहरी /रोहतास 

माताश्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, जम्मू के कुलपति एवं डॉल्फिन मैन के नाम से विख्यात शिक्षाविद पद्मश्री प्रोफेसर आरके सिंहा ने कहा है की प्रकृति से अच्छा शिक्षक  ब्रह्मांड में कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि हम अपनी पुरातन संस्कृति और ज्ञान की धारा से विमुख होकर आज विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और जब तक हम अपने सनातन संस्कृति की ओर नहीं लौटेंगे तब तक पुनः विश्व गुरु बनने का सपना साकार नहीं हो सकेगा। प्रोफेसर सिन्हा आज गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण कृषि विज्ञान संस्थान के तृतीय स्थापना दिवस पर कृषि छात्र छात्राओं को मुख्य अतिथि के रूप में  संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम विदेशी तकनीक के चक्कर में अपना सर्वस्व नुकसान करते चले जा रहे हैं जबकि भारतीय तकनीक को अपनाकर आज विश्व के दर्जनों देश समृद्ध हो रहे हैं ।विदेशी आक्रांताओने भारतीय गुणवत्तापूर्ण तत्वों को चुरा लिया अथवा नष्ट कर दिया। आज हमें आवश्यकता है अपने पुरातन चीजों को संग्रहित कर संरक्षित करने की और नई पीढ़ी को उसके तरफ अग्रसारित करने की  ऐसा करके ही भारत दुनिया का सिरमौर बन सकता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने कृषि विज्ञान के छात्र छात्राओं से अपील की कि कृषि के क्षेत्र में उत्तरोत्तर विकास करके भारत के किसानों को मजबूत करें और विश्व में अपना नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है तथा  आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है। इस अवसर पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि अर्थशास्त्री प्रोफेसर राकेश सिंह,  बीएचयू के ही पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एसके सिंह एवं पूर्व निदेशक रमेश चंद्  ने भी संबोधित किया ।इस अवसर पर सभी आगंतुकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया ।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया तथा तृतीय स्थापना दिवस का केक भी काटा गया। इस अवसर पर संस्थान के कुलपति डॉक्टर एम के सिंह, प्रति कुलपति प्रोफेसर जगदीश सिंह ,पूर्व कुलपति प्रोफेसर एम एल वर्मा, संस्थान के सचिव गोविंद नारायण सिंह  ,कुलाधिपति के मुख्य सलाहकार पूर्व कुलपति प्रोफेसर हरिकेश सिंह आदि ने भी संबोधित किया। आगत अतिथियों का स्वागत नारायण कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रोफेसर एपी सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ राधेश्याम जयसवाल ने किया।इस अवसर पर हॉर्टिकल्चर के प्रभारी डॉक्टर संदीप मौर्या द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन भी किया गया साथ ही कार्यक्रम के स्मारिका का विमोचन भी किया । इस अवसर पर  परीक्षा नियंत्रक डॉ कुमार आलोक प्रताप ,अकादमी निदेशक प्रोफेसर  सुदीप कुमार , कृषि विज्ञान संस्थान के सभी शिक्षक  एवं विभिन्न संकाय के विभागाध्यक्ष एवं निदेशक मौजूद थे।