मयंक शास्त्री की रिपोर्ट:-
बारुण(औरंगाबाद):- अवैध रूप से बालू खनन व परिवहन के विरुद्ध जिला खनन विकास पदाधिकारी पंकज कुमार, खान निरीक्षक आजाद आलम, थानाध्यक्ष धनंजय शर्मा व एस आई विपिन बिहारी सिंह के साथ सशस्त्र पुलिस बल के द्वारा शुक्रवार को संयुक्त रुप से बारुण थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी अभियान के दौरान बिना चालान और ओवरलोड बालू लदे एक ट्रक के साथ एक ट्रैक्टर को भी जप्त किया गया है। जिला खान निरीक्षक आजाद आलम ने बताया कि बारुण थाना क्षेत्र के बारूण नवीनगर सड़क पर नवोदय विद्यालय के समीप बिना चालान के ओवरलोड बालू लदे हुए 12 चक्का ट्रक को जप्त किया गया है जिसका नंबर यूपी 65 डी.टी 2929 है। साथ ही बताया कि जांच के दौरान बारुण देवी घाट में पहुंचा तो अवैध रूप से खनन कर रहे बालू माफिया आपने-अपने ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। इसी दौरान भागने के क्रम में महिंद्रा कंपनी की एक ट्रैक्टर बालू सहित पलट गया। जिसे जेसीबी से उठाकर बारुण थाना लाया गया। बताया कि जप्त बालू लदे ट्रक से जुर्माना वसुली जाएगी वही ट्रैक्टर पर प्राथमिकी दर्ज होगी।