गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी/ रोहतास
शिवसागर थाना ने लूट कांड व अपहरण सहित कई कांडों में संलग्न अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सूचना के अनुसार 9 जनवरी 2018 को अमिताभ खान ट्रक पर कोयला लादकर एनएच 2 से चेनारी होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे थे कि चेनारी के आस-पास अपराध कर्मियों द्वारा अग्नियास्त्र का भय दिखाकर उनके साथ लूटपाट किया गया था। इस संबंध में वादी आफताब खान, पिता शहजाद खान, पेलाबल रोमी, जिला हजारीबाग के फर्द बयान के आधार पर चेनारी थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक रोहतास आशीष भारती ने जघन्य लंबित मामले के त्वरित निष्पादन के लिए अनुमंडल वार टीम का गठन कर मामले की तफ्तीश व छापेमारी प्रारंभ कराई थी। पुलिस अधीक्षक रोहतास को 15 जून को गुप्त सूचना मिली कि उक्त कांड में शामिल मनोज मुसहर, पिता कैलाश मुसहर, ग्राम पखनारी, थाना शिवसागर, शिवसागर बाजार या मोड के आसपास छुपा हुआ है। इस सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु सासाराम अनुमंडल की विशेष टीम छापेमारी करने व अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए भेजा गया। जहां से मनोज मुसहर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
