मयंक की रिपोर्ट ;-
नबीनगर(औरंगाबाद):-
तेतरिया मोड़ से जपला जाने वाली पथ में बाघा डाबर के समीप मंगलवार की रात्रि मजदूरों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें 3 मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों में गुमला निवासी मनीष कुमार लीलावती देवी एवं सहन तुड़ी शामिल है। घायल मजदूरों ने बताया कि हम लोग झारखंड के गुमला के रहने वाले हैं तथा रात्रि में बस से बनारस जा रहे थे कि बीच रास्ते में ही चालक की लापरवाही से अनियंत्रित हो बस पलट गई। बस दुर्घटना में घायल मजदूरों का इलाज नबीनगर रेफरल अस्पताल में किया जा रहा है। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही नवीन नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच बस में सवार सभी मजदूरों को गांव के ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस का चालक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। नबीनगर पुलिस के द्वारा काफी मशक्कत कर हाइड्रा क्रेन से बस को सीधा करा कर सड़क चार्ट में खड़ा कराया गया है। थानाध्यक्ष शैलेंद्र ने बताया कि घटनास्थल पर बस में सवार सभी मजदूर सुरक्षित है। बस में सवार सभी मजदूर ईट भट्ठा में काम करने वाले हैं। दुर्घटना में सभी बाल बाल बचे हैं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ईट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर बनारस काम करने नहीं जाना चाह रहे थे। मजदूरों के कहने पर पुलिस ने सभी मजदूरों को नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। मजदूर ट्रेन के माध्यम से पुनः अपने घर झारखंड के गुमला चले गए। थानाध्यक्ष शैलेंद्र ने बताया कि रात में बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बाघा डाबर गांव के ग्रामीणों ने काफी सहयोग कर दुर्घटनाग्रस्त बस से सभी सवारियों को मिलजुल कर बाहर निकाला तथा सभी मजदूरों को जलपान चाय पिलाकर मानवीय संवेदना का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है।थानाध्यक्ष ने बताया गांव के ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर पूरे रात कदम से कदम मिलाकर सहयोग किया है।
