मयंक शास्त्री की रिपोर्ट ;-
औरंगाबाद:- मदनपुर उमेश्वरी धाम स्थित सहस्त्र लिंगी मंदिर के प्रांगण में योग कक्षा का संचालन किया जा रहा है। शिक्षक राजकुमार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आज के परिपेक्ष्य में योग अति आवश्यक हो गया है। कोरोना काल में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए योग की कई सारी मुद्राएं हैं जैसे भ्रस्तिका, कपालभाति, अनुलोम विलोम, उज्जयी ,भ्रामरी सहित अन्य सूक्ष्म व्यायाम एवं मुद्रा इत्यादि । कोरोना सहित दूसरे अन्य रोगों जैसे हृदय रोग, श्वसन संबंधी रोग, शरीर में दर्द, थायराइड, साइनस की समस्या, पेट समस्या, मोटापा इत्यादि कई रोगों के बेहतर इलाज के लिए आज के समय में योग एक उत्तम साधन हो गया है। मात्र प्रातः काल 2 घंटे का समय आपको दीर्घायु बनाने के लिए काफी है । योग के साथ-साथ सभी साधक को चाहिए कि खानपान,रहन सहन इत्यादि में भी थोड़ा सावधानी बरतें। योग करने के फायदे इस बात पर भी निर्भर करता है कि योग कहां पर किया जा रहा है। यदि प्राकृतिक वातावरण में किया जाए तो इसका लाभ दोगुना हो जाता है। जिस प्रकार का वातावरण उमगा पर्वत पर है, वह योग के फायदे को दुगना करता है। मदनपुर वासियों के लिए यह क्षेत्र एक वरदान है जिसका फायदा सभी को लेना चाहिए। 52 मंदिरों के इस धार्मिक स्थल पर कई तरह के ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक जानकारियां भी लोगों को आकर्षित करती है। पिछले 15 दिनों से पतंजलि योग पीठ के अंतर्गत मदनपुर पतंजलि योग परिवार द्वारा प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक योग कक्षा का संचालन किया जा रहा है। जिसमें नियमित रूप से शिक्षक तपेश्वर कुमार, संजय कुमार, अलखदेव पासवान, ऋषि कुमार, धनंजय कुमार, इंद्रजीत पासवान, अभय कुमार, छोटू कुमार सहित कई लोग उपस्थित हो रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को इस अवसर पर एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें कई प्रकार के योगासन,मुद्रा, व्यायाम का प्रदर्शन योग प्रशिक्षक राजकुमार प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में किया जाएगा । इस अवसर पर सभी मदनपुर क्षेत्र के और साधक भी भाग ले सकते हैं ।
