नारायण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल प्रबंधन द्वारा निशुल्क परामर्श केंद्र शुरू किया गया है।


 गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-

डेहरी / रोहतास 

वर्तमान परिस्थितियों में प्रभावित स्वास्थ्य सेवाओं को देखते हुए आम लोगों खासकर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को हो रही कठिनाइयों के मद्देनजर नारायण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल प्रबंधन द्वारा निशुल्क परामर्श केंद्र शुरू किया गया है। प्रबंधन द्वारा सासाराम एवं औरंगाबाद में अलग अलग केंद्र खोला गया है जिसमें विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक वहां आए मरीजों का निशुल्क परामर्श दे रहे हैं।संस्थान के प्रबंध निदेशक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना महामारी के काल में आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है ।उन्होंने बताया कि एक तरफ जहां आवागमन की सुविधाएं प्रभावित हैं वहीं लगभग निजी अस्पताल बंद पड़े हैं, जिसके कारण विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आम लोगों की पहुंच से दूर हो गई हैं। कमजोर वर्ग के लोग विभिन्न परेशानियों से जूझ रहे हैं ।इसे देखते हुए व्यापक जनहित में संस्थान प्रबंधन द्वारा सासाराम में पुरानी जीटी रोड पर प्रकाश पेट्रोल पंप के सामने मंगला भवन में तथा औरंगाबाद फोरलेन जीटी रोड पर पुराना महिंद्रा ट्रैक्टर एजेंसी नारायण ऑटो कैंपस में निशुल्क परामर्श केंद्र शुरू कर दिया गया है। इस केंद्र के कार्यरत होने से वहां उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आमलोगों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जा रही है। प्रबंध निदेशक ने बताया कि आने वाले समय में वहां परामर्श के अलावा  अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।