दीपराज की रिपोर्ट ;-
महामारी के संक्रमण को लेकर नहीं निकलेगा रामनवमी जुलूस
कोविड-19 महामारी 2021 में भी तेजी से अपना पांव पसार चुका है। लोगों के मन में डर और भय का माहौल है। लोगों के बचाव को लेकर हर दिन सरकार द्वारा नए गाइडलाइन और नियम भी बन रहे हैं। ऐसे में हिंदुओं का महान पर्व चैत्र नवरात्रि चल रहा है। साथ ही मुस्लिम समाज का पाक माह रमजान का भी शुरुआत हो गया है। इन्हीं सब को देखते हुए शुक्रवार को डेहरी नगर थाना परिषद में बैठक बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम सुनील कुमार ने सरकार के दिए गए गाइडलाइन के अनुसार बताया कि छठ पर्व लोगों को अपने घर में ही रह कर मनाना पड़ेगा। इसके लिए सोन नद तट पर नहीं जाना होगा। क्योंकि सरकार के निर्देश के अनुसार घाटों पर जाकर छठ करने पर पाबंदी है। साथ ही रामनवमी के मौके पर शहर में कोई भी जुलूस व कार्यक्रम नहीं निकाले जाएंगे। मंदिर मस्जिद बंद रहेंगे। उन्होंने नगर पूजा कमेटी एवं मोहर्रम कमेटी के लोगों से बातचीत करते हुए सरकार के दिए गए निर्देशों का पालन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोविड-19 इस बार और तेजी से फैल रहा है। इसलिए शहर के हर व्यक्ति को माक्स पहनना व शारीरिक दूरी बनाना बहुत जरूरी है। बेवजह घरों से न निकले। क्योंकि अपने परिवार का सुरक्षा आप खुद कर सकते हैं। देश की स्थिति और राज्य की स्थिति बहुत ही खराब है। इसलिए आप सतर्क रहेंगे तो लॉक डाउन की स्थिति नहीं आएगी। बजरंग दल के जिला संयोजक गोपी कुमार एवं विश्व हिंदू परिषद के संयोजक अर्जुन केसरी ने अधिकारियों को बताया कि इस बार कोविड-19 को देखते हुए संस्था द्वारा कोई भी जुलूस कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। महामारी से बचाव के लिए सरकार के नियमों का पालन जरूरी है। मौके पर नगर मोहर्रम कमेटी के शाहनवाज खान ने कहा कि महामारी के प्रसार को लेकर शहर के सभी मस्जिदों को बंद किया गया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि नमाज अपने घर ही पढ़े। जुम्मा का भी नमाज मस्जिद में नहीं हो सकता। क्योंकि सरकार का गाइडलाइन का पालन करना हम सब का कर्तव्य है। कोरोना के प्रसार को रोकना अति आवश्यक है। बैठक का संचालन थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता ने किया। इस मौके पर एएसपी संजय कुमार , प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार, अंचलाधिकारी अनामिका कुमारी , नगर परिषद सिटी मैनेजर मनोज भारती, भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता नगर मंत्री कुअर सिंह, सुशील कुमार, नगर पूजा कमेटी के उपाध्यक्ष जोखन चंद्रवंशी, सचिव अरुण शर्मा, समाजसेवी संजय सिंह उर्फ बालाजी, अख्तर अंसारी, अरुण शर्मा, दारा सिंह, अर्जुन केसरी, अरुण रावत, राजद के नगर अध्यक्ष गुड्डू चंद्रवंशी, जनता दल यूनाइटेड के शकुंतला सिंह, कलाम आजाद, आजाद हुसैन तथा अन्य लोग मौजूद थे।
