गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
डेहरी। रोहतास
खेल से मनुष्य का शारीरिक व बौद्धिक विकास होता है। ऐसे में पुलिस परिवार के साथ-साथ अन्य लोगों को भी खेल के प्रति उत्साहित रहना चाहिए। उक्त बातें रविवार को एसपी आशीष भारती ने डेहरी बीएमपी दो में बैडमिंटन कोर्ट के उद्घाटन उपरांत कहीं। उद्घाटन के दौरान डेहरी एसडीएम सुनील कुमार, पुलिस मेजर रामाकांत प्रसाद, एसपी संजय कुमार व डालमिया फैक्ट्री के एचआर संजय वर्मा तथा पत्रकार व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। उद्घाटन के दौरान एसपी आशीष भारती ने कहा कि शरीर व मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए खेल की आवश्यकता होती है। आज भागदौड़ भरी जीवन में लोग खेल के प्रति समय नहीं दे पा रहे हैं। जिससे उम्र से पहले ही लोग अस्वस्थ हो जाते हैं तथा उनका फिटनेस नहीं रहता है। फिटनेस नही होने के कारण लोग अपने कार्यों को सही ढंग से निष्पादित नहीं कर पाते हैं। पुलिस पदाधिकारियों व अन्य पदाधिकारियों को खेल से जोड़ने के लिए डालमिया सीमेंट फैक्ट्री द्वारा इस बैडमिंटन कोर्ट को बनाया गया है। जिससे लोग खेल के प्रति जुड़कर स्वयं को स्वस्थ रख सकें। बताते चलें कि एसपी आशीष भारती जब से जिले का कमान संभाले हैं तब से जिले के प्रशासनिक क्षेत्र पर काफी ध्यान दे रहे हैं। जिसका नतीजा है कि कई मामलों को कुछ घंटे में ही पुलिस प्रशासन द्वारा हल कर दिया जा रहा है। साथ ही उनके कार्य करने की क्षमता के कारण जिले में अपराध के ग्राफ में भी गिरावट आई है। इसके साथ साथ सामाजिक क्षेत्रों में भी उनका कार्य काफी सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों को फिट रहने तथा शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने को कहा जाता है। इसके लिए खेल को दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। व्यस्त जीवन में कुछ समय निकालकर प्रत्येक व्यक्ति को खेल के साथ जुड़ाव बनाना चाहिए। एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मनुष्य के लिए स्वास्थ्य अमूल्य धन है। बगैर पूरी तरह से स्वस्थ रहें कोई भी व्यक्ति किसी क्षेत्र में कार्य नहीं कर सकता है। और बैडमिंटन खेल के साथ साथ शारीरिक व्यायाम का भी कार्य करता है। डालमिया भारत फाउंडेशन तथा डालमिया डीएसपी लिमिटेड बंजारी द्वारा पुलिस लाइन में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण एक बेहतर कार्य है। इस अवसर पर एसपी व एसडीएम ने एक साथ बैडमिंटन खेल कर उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दर्शकों के रूप में कई पुलिस पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित डालमिया सीमेंट फैक्ट्री के एचआर संजय वर्मा का पुलिस परिवार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
