क्वॉरेंटाइन सेंटर में अब तक नहीं पहुंचे प्रवासी मजदूर


 कमलेश कुमार की रिपोर्ट ;-

                                    क्वॉरेंटाइन सेंटर खोलने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का दिख रहा अभाव
                                             चिन्हित चार क्वॉरेंटाइन सेंटर में बिस्तर दवा पानी शौचालय की हुई व्यवस्था
डेहरी। रोहतास
वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे लगातार तेजी से पांव पसार रहा है। ऐसे में बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए प्रशासन ने प्रखंड स्तर पर चार क्वॉरेंटाइन सेंटर को चिन्हित किया है। हालांकि एक भी प्रवासी मजदूर अब तक इन चार क्वॉरेंटाइन सेंटरों में शरण नहीं लिए हैं। किंतु प्रशासनिक स्तर पर चिन्हित सभी क्वॉरेंटाइन सेंटरों में बिस्तर, पानी, पंखा, बिजली, शौचालय व भोजन की सारी व्यवस्थाएं की गई है। ताकि कोई भी प्रवासी मजदूर जब क्वॉरेंटाइन सेंटर में पहुंचे तो उसे सभी व्यवस्था मिल सके। सभी क्वॉरेंटाइन की जिम्मेवारी जिला प्रशासन की ओर से बीडीओ अरुण कुमार व सीओ अनामिका कुमारी को संयुक्त रूप से दिया गया है। अधिकारियों की माने डीएवी पब्लिक स्कूल भरकुड़िया, डीएवी पब्लिक स्कूल कटार, इंटर स्तरीय विद्यालय डालमियानगर तथा इंटर स्तरीय विद्यालय डेहरी को क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। जहां जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी व्यवस्थाएं की गई है। हालांकि ट्रेनों से प्रतिदिन आने वाले प्रवासी मजदूर क्वॉरेंटाइन सेंटर के बजाएं अपने घर पहुंच रहे हैं। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेहरी रेलवे स्टेशन पर अन्य प्रदेशों से ट्रेनों से आने वाले यात्रियों की जांच नहीं की जा रही है। जिस कारण प्रदेश से आने वाले लोग अपने घर पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि किसी भी क्वॉरेंटाइन सेंटर में अब तक प्रवासी मजदूर या परदेसी लौट नहीं पहुंच सके हैं। ऐसे में सवाल यह है कि उक्त क्वॉरेंटाइन सेंटर में प्रवासी मजदूर कैसे पहुंच पाएंगे। क्वॉरेंटाइन सेंटर सुचारू रूप से चलाने में स्वास्थ्य कर्मियों का अभाव भी बाधा बन रहा है। क्योंकि डेहरी पीएचसी अनुमंडल अस्पताल एपीएचसी मकराईन के कई चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित है। बचे हुए स्वास्थ्य कर्मी अनुमंडल अस्पताल में कोरोना जांच वैक्सीनेशन व अन्य कार्यों में लगे हुए हैं। इधर प्रवासी मजदूरों को सीधे घर पहुंचने पर कई मुहल्ले के लोग संक्रमण बढ़ने की संभावना को लेकर चिंतित है। बीडीओ अरुण कुमार का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र में चार क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। गुरुवार को जिला से आए डीआरडीए डायरेक्टर ने क्वॉरेंटाइन सेंटरों का जायजा लिया। क्वॉरेंटाइन सेंटर में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है।