गौतम कुमार की रिपोर्ट ;-
दंडाधिकारी व पुलिस बल की उपस्थिति में की गई कार्रवाई
डेहरी। रोहतास
शहर के मोहन बिगहा गली में पक्का रूप से किए गए अतिक्रमण को नगर परिषद प्रशासन द्वारा शनिवार को बलपूर्वक हटा दिया गया। इस दौरान व्यवसायियों के विरोध की संभावना को देखते हुए दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बताते चलें कि मोहन बिगहा गली में सड़क के दोनों तरफ अधिकांश व्यवसायियों द्वारा चबूतरा व अन्य पक्का निर्माण किया गया था। सड़क व नाली चौड़ीकरण को लेकर एक पखवारा पूर्व नगर परिषद में अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया था। जिसमें अतिक्रमणकारियों से अतिक्रमण हटाने को कहा था। किंतु कई दुकानदारों ने दुकान के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण को हटाने से इनकार करते हुए विरोध किया था। जिसके बाद नगर परिषद ने अनुमंडल पदाधिकारी से दंडाधिकारी व पुलिस बल की मांग की थी। एसडीएम सुनील कुमार के निर्देश पर शनिवार को दंडाधिकारी के साथ-साथ पुलिस बल की तैनाती की गई। तथा नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह सिटी मैनेजर मनोज भारती के साथ नप कर्मियों व पुलिस बल की टीम ने करीब चार घंटे तक कार्रवाई कर मोहन रेखा गली में किए गए नापी के अनुसार अतिक्रमण को हटा दिया। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि मोहन बिगहा सड़क की चौड़ीकरण को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य स्थानों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
