गौतम कुमार की रिपोर्ट;-
डेहरी। रोहतास
आधुनिकीकरण के साथ बहुरेंगे अब्दुल कयूम अंसारी नगर भवन का दिनजीम, बैडमिंटन कोर्ट व अन्य सुविधाएं बहाल होंगी
अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे शहर का एकमात्र अब्दुल कयूम अंसारी भवन जो नगर भवन के नाम से चर्चित है। उसे नगर परिषद को हस्तानांतरण करने की हरी झंडी डीएम ने दी है। बताते चले कि शहर के थाना चौक स्थित अब्दुल कयूम अंसारी भवन थाना चौक के समीप 15 वर्ष पूर्व तत्कालीन विधायक इलियास हुसैन के मद से बना था। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने इसका उद्घाटन किया था। नगर भवन की बनावट और भूमि का आकलन करें तो रोहतास जिले में इतना बड़ा भव्य नगर भवन कही नहीं है। किंतु करीब दस वर्षों से नगर भवन की स्थिति जर्जर सी हो गई है। जहां शायद ही शहर का कोई आयोजन होता है। जर्जर नगर भवन, ध्वस्त शौचालय की मरम्मती पर सात वर्ष पूर्व 25 लाख रुपए की सरकारी राशि की निकासी हुई। किंतु इसका बंदरबांट हो गया। जुलाई 2019 में इसके रखरखाव और इसे खूबसूरत बनाने को लेकर नगर परिषद ने पहल शुरू की। समिति ने प्रस्ताव पारित कर नगर भवन के हस्थानांतरण के लिए एसडीएम को पत्र लिखा था। जिसके बाद सात नवम्बर 2019 में अनुमंडल प्रशासन ने नगर भवन को नप को हस्तानांतरण के लिए डीएम से अनुशंसा की थी। यह मामला तब से फाइलों में पड़ा था। इस बीच एक बार फिर नप ईओ व एसडीएम ने डीएम से अनुरोध किया तो डीएम धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने इस मामले में हरी झंडी दे दी। अब नगर भवन नगर परिषद के अधीन माना जाएगा। डीएम ने अपने पत्र में कहा है, कि नगर भवन अब नगर परिषद के अधीन रहेगा किंतु शर्त यह है कि उक्त नगर भवन को नगर परिषद द्वारा भविष्य में ना तो किसी को लीज दिया जाएगा ना ही इसके खाली पड़ी भूमि पर बगैर डीएम की अनुमति का कोई निर्माण नहीं किया जाएगा। तथा नगर भवन में किसी कार्यक्रम हेतु प्रखंड व अनुमंडल प्रशासन को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। नगर भवन नगर परिषद को हस्तानांतरित करने की सूचना से शहरवासियों में हर्ष है। इसके लिए लोगों ने डीएम, एसडीएम, नप ईओ व मुख्य पार्षद को बधाई दी है। एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने कहा कि नगर भवन में अनुमंडल प्रशासन द्वारा 15 लाख रुपए की लागत से आने वाले दिनों में जिम का सामान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ में बैडमिंटन कोर्ट बनाया जाएगा। वही ईओ सुशील कुमार सिंह व मुख्य पार्षद विशाखा सिंह ने कहां है,कि नगर भवन को पूरी तरह से नए मॉडल में तैयार कर वातानुकूलित रूप से भव्य वह आकर्षक बनाया जाएगा। जो शाहाबाद क्षेत्र का सबसे बेहतर व सुसज्जित नगर भवन होगा। इसके लिए जल्द ही योजना तैयार कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
