पुलिस-प्रशासन व खनन विभाग की कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप
अवैध बालू डंपिंग स्थल के भू स्वामियों को चिन्हित कर दर्ज होगी प्राथमिकी
डेहरी। रोहतास
अवैध बालू डंपिंग के खिलाफ एक बार फिर पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को कोयला डिपो क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से डम्प किए हुए करीब 150 हाइवा बालू को जप्त किया है। खनन विभाग व सीओ अवैध बालू डंप किए जमीन मालिकों पर भी प्राथमिकी दर्ज करेंगे। बताते चलें कि कोयला डिप्पो, पहलेजा, मनौरा, सखरा, भेड़िया, सुअरा समेत अन्य क्षेत्रों में अवैध बालू डंपिंग की सूचना लगातार पुलिस को मिल रही थी। जिसके बाद रविवार की सुबह की एक रणनीति बनाकर एसडीएम विवेकचंद पटेल व एएसपी संजय कुमार के संयुक्त नेतृत्व में खनन विभाग व पुलिस प्रशासन की टीम ने ने अचानक कोयला डिपो में घुसकर कारवाई शुरू कर दी। जैसे ही बड़ी संख्या में पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी अवैध डंपिंग स्थल पहुंचे, कि खनन माफिया उन्हें देखते ही भागने लगे। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी व क्विक रिस्पॉन्स पुलिस टीम ने दिनभर अवैध बालू डंपिंग के खिलाफ कारवाई की । पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो सोन नद व सीमावर्ती बारुण से अवैध तरीके से धड़ल्ले से बालू की निकासी कर ट्रैक्टर से ढुलाई कर उसे डेहरी-डालमियानगर के कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर अवैध बालू डंप किया जाता है। एक सप्ताह पूर्व पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध बालू डंपिंग के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद अवैध बालू डंपिंग का सिलसिला थम गया था। किंतु एक बार फिर अवैध बालू कारोबारियों ने धड़ल्ले से अवैध बालू डंपिंग शुरू कर दिया था। एएसडीएम ने बताया कि जप्त किए गए बालू को आदित्य मल्टीकंप कंपनी को जिम्मेनाम पर दिया गया है। सीओ और कर्मचारी कोयला डिपो, पहलेजा व आसपास के भू स्वामियों को भी चिन्हित कर रहे हैं। जिनके जमीन पर अवैध तरीके से बालू डंपिंग की गई है। उन सभी जमीन के मालिको पर भी खनन विभाग द्वारा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कार्रवाई में सीओ अनामिका कुमारी, डेहरी नगर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष राजीव कुमार समेत इंद्रपुरी, अमझोर, तिलौथू के थानाध्यक्ष व बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल थे।
