सड़क पर नगरपरिषद कर्मी करते हैं कचड़े को डम्प, यातायात में होता है बाधित,



कमलेश मिश्रा की रिपोर्ट;-

डेहरी डालमियानगर  शहर के वार्ड नंबर 34 के पास मुख्य सड़क पर जो थाना चौक होते हुए रामारानी पुल को जाती है। इसी मार्ग में बाबूगंज मोड व सदर चौक के पास नगरपरिषद कर्मियों द्वारा इर्द-गिर्द का तमाम कचड़ा लाकर डंप किया जाता है। जिससे मुख्य मार्ग बाधित हो जाता है। कचड़े में भोजन की तलाश करते हुए तमाम आवारा जानवर मुख्य मार्ग को घेर भी लेते हैं। कचड़े के गिरने व आवारा पशुओं  का जमावड़ा होने के कारण मुख्य सड़क बाधित हो जाता  है,साथ ही रहा-सहा कसर नलकूप विभाग भी पूरा कर दिया है। क्योंकि नलकूप विभाग द्वारा इसी जगह पर मुख्य मार्ग के ठीक बगल में बड़े बड़े पाईप लाकर स्टोर कर दिया गया है। जिससे स्थानीय लोगों को खासा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नगरपरिषद द्वारा लगभग 12:00 बजे तक डंप कचड़े को उठा लिया जाता है। फिर भी 12:00 बजे से पहले आने-जाने वाले लोगों तथा स्थानीय लोगों को कचड़े के दुर्गंध एवं गंदगी के कारण खासा परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि समस्या और भी गंभीर तब बन जाती है जब नगरपरिषद कर्मियों के साथ-साथ कुछ स्थानीय लोग भी अपने घर से कूड़ा-कचड़ा लाकर इसी मुख्य मार्ग पर रख देते हैं। बताते चलें कि यह जगह  शहर का सघन इलाका है। इसी जगह पर बाबूगंज मोड़ व सदर चौक है, इस मोड़ पर सुबह से ही सैकड़ों स्थानीय लोगों का आना जाना लगा रहता है। इतने सघन इलाके में इस प्रकार सड़क पर कचड़ा स्टोर करना शहर की सुंदरता को धूमिल व नगर परिषद के क्रियाकलाप पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। जबकि नगर परिषद द्वारा कचड़े को स्टोर करने के लिए लाखों रुपए के बड़े-बड़े बॉक्स खरीदकर जगह- जगह पर रखवाया गया है। लेकिन बॉक्स केवल देखने की वस्तु बनकर रह गई है, क्योंकि कचड़े को रखने में बॉक्स का उपयोग बिल्कुल ही कम देखने को मिला है। लोगों ने बताया कि बॉक्स में कचड़ा रखने के बावजूद भी बड़े-बड़े आवारा जानवर भोजन की तलाश में बॉक्स को गिरा देते हैं। जिससे कचड़ा सड़क पर फैल जाता है।  लोगों ने समस्या व उसके निदान पर मिली-जुली प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि, नगर परिषद द्वारा सड़क को छोड़कर किसी खास जगह को निशानदेह कर कचड़े को डंप करने की व्यवस्था करनी चाहिए। जिससे शहर की खूबसूरती धूमिल ना हो तथा बिहार में सफाई के मामले में अव्वल रहने वाला शहर हमेशा अव्वल बना रहे,