दीपराज की रिपोर्ट;-
डेहरी/ डालमियानगर
100 लोगों को दिया गया कोवीशिल्ड वैक्सीन
अस्पताल उपाधीक्षक ने कहा किसी प्रकार की भ्रम में न पड़े
डेहरी अनुमंडल अस्पताल में कोवीशिल्ड वैक्सीन 100 करोना योद्धाओं को पडा। कई दिनों से प्रतीक्षा के बाद आज प्रातः 10:30 बजे वैक्सीन देने का कार्य प्रारंभ हुआ। वैक्सीन लेने वालों में काफी उत्साह देखने को मिला। उपस्थित चिकित्सक ने वैक्सीन देने से पहले उपस्थित लोगों को मास्क व शारीरिक दूरी के साथ कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की हिदायत दी। बीसीए मंगल मंजेश ने बताया कि, आने वाले सभी लोगों का रजिस्ट्रेशन जांच कर, फोटो खींचा जा रहा है। इसके बाद इंजेक्शन पड़ेगा।उपस्थित चिकित्सक डॉ निर्मला सिंह ने बताया कि, इंजेक्शन पडने के बाद आधे घंटे लोगों को अवलोकन कक्ष में रखा जा रहा है तथा उनके हर गतिविधि पर ध्यान भी रखा जा रहा है। वैक्सीन देने वाली एएनएम दमयंती कुमारी ने बताया कि, सभी लोग काफी खुशी पूर्वक वैक्सीन लेने के लिए आगे आ रहे हैं तथा अभी तक कोई भी दुष्परिणाम देखने को नहीं मिला है।वैक्सीनेशन कक्ष में 4 लोगों की टीम थी। जिसमें 3 एएनएम तथा एक बीसीए थे। सभी का अलग कार्य था। बीसीए का कार्य रजिस्ट्रेशन चेक करना एवं फोटो लेना तथा एएनएम का कार्य रजिस्ट्रेशन चेक करने के साथ नाम मिलाना व दूसरे का कार्य वैक्सीनेशन करना था। उपस्थित एएनएम चित्रलेखा कुमारी ने बताया कि, 28 दिनों के बाद वैक्सीन का दूसरा डोज पड़ेगा। जिसकी सूचना वैक्सीन लेने वाले के मोबाइल पर उपलब्ध करा दी जाएगी।वैक्सीन लेने वालों ने बताया कि, वैक्सीनेशन के बाद वे सामान्य महसूस कर रहे हैं तथा उपस्थित सभी लोगों ने सरकार द्वारा कोविड-19 की लड़ाई को परिणाम तक पहुंचाने पर खुशी जाहिर की तथा आशा व्यक्त किया कि, बहुत जल्द यह महामारी हमारे देश से दूर भाग जाएगी।अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर संजीव कुमार ने बताया कि, यह वैक्सीनेशन अभी स्वास्थ्य कर्मियों को ही दिया जा रहा है। अभी जितने भी लोगों को वैक्सीन दी गई है सभी लोग सामान्य अवस्था में ही हैं। उन्होंने वैक्सीनेशन को लेकर उठाए गए दुष्परिणाम को खारिज करते हुए कहा कि, वैक्सीन का दुष्परिणाम होता तो 100 लोगों में से किसी न किसी को जरूर दिख जाता। लेकिन यह वैक्सीन सभी लोगों के लिए काफी सुरक्षित है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि, कोविड-19 की लड़ाई में सरकार की मदद करें तथा किसी प्रकार के भ्रम से बचें।
