गौतम कुमार शर्मा
डेहरी/रोहतास
लॉकडाउन के दौरान कोरोना के त्रासदी से लोगों को बचाने तथा असहाय और बेबस लोगों को खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डेहरी अनुमंडल के मुडियार ग्राम को गोद लेकर सेवाभाव का बेहतरीन मिसाल पेश करने वाले रेलकर्मी वीरेन्द्र पासवान को पूर्व मध्य रेल हाजीपुर तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल ने कोरोना योद्धा घोषित किया है।
पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मानवता की मिसाल पेश करते हुए डेहरी अॉन सोन के रेलकर्मी वीरेन्द्र पासवान ने तमाम चुनौतियां एवं खतरों के बावजूद जिस बहादुरी और साहस के साथ कोविड - 19 के घातक संक्रमण से लोगों को बचाने तथा जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुडियार ग्राम को गोद लेकर औरों के लिए प्रेरणा स्रोत बने। उनके इस उत्कृष्ट योगदान के लिए पूर्व मध्य रेल उन्हें कोरोना योद्धा के रूप में चयनित करती है और उत्साहवर्द्धन के लिए इन्हें प्रशस्ति पत्र आदि देकर सम्मानित किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल को अपने योद्धाओं पर गर्व है।पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल ने भी वीरेन्द्र पासवान को कोरोना वारियर अवार्ड देने की घोषणा करते हुए मंडल के रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अपनी जान की परवाह किए बगैर हमारे रेलकर्मी लॉकडाउन के बाद बढ चढकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भागीदारी बनें और मंडल के संकेत एवं दूरसंचार विभाग ने रेलकर्मी वीरेंद्र पासवान के नेतृत्व में मुडियार ग्राम को गोद लेकर जरुरतमंद लोगों की सहायता की।इस उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए इन्हें कोरोना वारियर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं डीडीयू रेल मंडल के वरिष्ठ संकेत एवं दूरसंचार अभियंता ब्रजेश कुमार यादव ने लॉकडाउन के दौरान गुड्स ट्रेनों की संचालन में अपनी सर्वश्रेष्ठ सेवाएं प्रदान करने के लिए वीरेन्द्र पासवान को अवार्ड के तौर पर एक हजार रुपये देने का फैसला किया है।
विदित हो कि डीडीयू रेल मंडल के संकेत एवं दूरसंचार विभाग के रेलकर्मियों ने वीरेंद्र पासवान के नेतृत्व में मुडियार ग्राम को गोद लिया था। जहां स्थानीय पुलिस - प्रशासन के उपस्थिति में वीरेंद्र पासवान ने गांव के लोगों को मास्क, साबुन, सैनेटाईजर, हैंडग्लब्स तथा असहाय और बेबस लोगों को खाद्य सामग्री देते हुए आरोग्य सेतु एप, थर्मल स्क्रीनिंग, हेल्पलाइन नंबर, सैनेटाइजेशन, फॉगिंग तथा गांव की ड्रोन कैमरे से निगरानी जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य कर देश के सामने सेवाभाव का एक बेहतरीन उदाहरण पेश कर दिया। जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई।
कई कहानियाँ लिख चुके वीरेन्द्र पासवान फिलहाल डेहरी स्टेशन पर पदस्थापित हैं और अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए कुछ दिन पूर्व में भी पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के महाप्रबंधक एल सी त्रिवेदी एवं डीडीयू रेल मंडल के रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना के हाथों विशिष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं।
