डेहरी (रोहतास)। जिले के सुदूर पहाड़ी इलाके में उच्च शिक्षा के लिए तरस रहे छात्र-छात्राओं की परेशानी को दूर करने के लिए 2019 में स्थापित अनुमंडल डिग्री कॉलेज पड़रिया नवहट्टा में स्नातक में नामांकन के लिए कुल 2100 सीट उपलब्ध है जहां छात्र-छात्राएं अपना नामांकन करा सकती हैं.सत्र 2020 - 23 में नामांकन के लिए अब तक 795 छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन भरा जा चुका है.बीए कला संकाय में कुल 13 विषयों भोजपुरी, इकोनॉमिक्स,इंग्लिश,जोग्राफी,हिंदी, हिस्ट्री,होम साइंस,साइकोलॉजी, फिलासफी,पॉलिटिकल साइंस,संस्कृत, सोशियोलॉजी व उर्दू के अलावे बीकॉम की पढ़ाई होती है. बी ए के उक्त सभी विषयों में नामांकन के लिए 150 - 150 सीटों के अलावे बीकॉम में भी 150 सीट निर्धारित है. उक्त कालेज के स्थापना वर्ष सत्र 2019 - 22 में नामांकन की प्रक्रिया अंतिम दौर में होने के कारण कुल 480 छात्रों का ही नामांकन हो पाया था. 22 जुलाई 2019 को कैमूर पहाड़ी की तलहटी में चेनारी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक श्याम बिहारी राम व वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के पूर्व डीन डॉ एन के दुबे द्वारा उद्घाटित उक्त कालेज में जरूरी उपस्कर व प्राध्यापकों की नियुक्ति की मांग स्थापना के समय से ही की जा रही थी.कालेज के प्राचार्य के आग्रह पर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ डी पी तिवारी ने नए सत्र 2020 - 23 के शुरू होने से पूर्व कॉलेज में पढ़ाए जाने वाले हर विषयों में एक गेस्ट शिक्षक की नियुक्ति कर दिए जाने का आश्वासन मिला है.छात्रों के नामांकन में बाधक माने जाने वाले आधारभूत संरचना की कमी व अध्यापकों की नियुक्ति अब दूर होता दिख रहा है.यही कारण है कि छात्र व अभिभावक यह कहने लगे हैं कि अब उक्त कालेज के भी अच्छे दिन आ गए हैं.
कॉलेज में दिल्ली से पहुंचा 53 लाख का उपस्कर:--
बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम पटना के माध्यम से उक्त डिग्री कॉलेज में 53 लाख की लागत से आवश्यक उपस्कर के पहुंचते ही छात्र व अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी.ट्रकों पर लादकर दिल्ली से आये उक्त उपस्कर को कालेज भवन में रखा गया है. करोड़ों की लागत से बने कालेज भवन में प्राचार्य,कर्मी व छात्र-छात्राओं को बैठने या कागजातों को रखने के लिए कोई उपस्कर मौजूद नहीं था.कालेज में आये उपस्करों को सोमवार को कालेज प्रशासन के सुपुर्द किया जाएगा.
छात्र व अभिभावकों ने कुलपति व प्राचार्य को दिया धन्यवाद :--
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी द्वारा कॉलेज के विकास के लिए किए जा रहे अथक प्रयास की सराहना करते हुए छात्र चांद चौबे,विकास दुबे,रविकांत मेहता, प्रीति कुमारी,घनश्याम मिश्रा, अभिभावक रविंद्र पासवान,संजय दुबे,अशोक चौबे,सत्येंद्र महतो, दिवाकर दुबे,रितेश सिंह आदि ने कहां की प्राचार्य महोदय के प्रयास व आग्रह पर कुलपति महोदय ने हमारे महाविद्यालय में 53 लाख रुपए के उपस्कर भिजवा कर व सत्र 2020 - 23 के शुरू होने से पूर्व सभी विषयों में एक एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति किए जाने का आश्वासन देकर छात्रों के भविष्य को संवारने का जो कार्य किया गया है उसकी जितनी सराहना की जाय कम है.इसके लिए उक्त लोगों ने कालेज के प्राचार्य व कुलपति महोदय को धन्यवाद दिया.
आधारभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्राचार्य ने प्रधान सचिव को लिखा पत्र :--
महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा कालेज को आवश्यक उपस्कर उपलब्ध कराने के लिए प्रधान सचिव उच्च शिक्षा विभाग पटना को पत्र लिख कर आग्रह किया गया है.उक्त पत्र में विद्यालय को प्राप्त हुए उपस्कर के अलावे आधारभूत आवश्यकता महाविद्यालय में विद्युतीकरण,सभी कक्षाओं व कार्यालयों में पंखे,छात्रों के लिए सुसज्जित पुस्तकालय हेतु टेबल, कुर्सी,अलमीरा,पुस्तक आदि,प्रायोगिक विषय भूगोल, मनोविज्ञान व गृह विज्ञान के लिए तीन प्रयोगशाला व सभी प्रयोगशालाओं में 32 विद्यार्थियों को एक साथ प्रयोग करने के लिए कार्यालय,टेबल,उपस्कर चार्ट,नक्शा आदि की व्यवस्था कराने की मांग की गई है.
कहते हैं प्राचार्य :--
महाविद्यालय में आवश्यक उपस्कर उपलब्ध कराने के लिए कालेज परिवार कुलपति महोदय व अन्य संबंधित अधिकारियों का आभारी है. कॉलेज में अन्य आधारभूत आवश्यकता को पूरा कराने के लिए शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव महोदय को पत्र लिखा गया है,जिसकी अनुशंसा कुलपति महोदय द्वारा की गई है.हमें उम्मीद ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि नया सत्र शुरू होने के पहले महाविद्यालय में पठन-पाठन सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी आवश्यक कार्य पूरे हो जाएंगे.
:-- डॉ संजय कुमार त्रिपाठी, प्राचार्य, अनुमंडल डिग्री कॉलेज नौहट्टा
